Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    घरेलू क्रिकेट में बड़ा उलटफेर, यूपी से हुआ यश दयाल का मोहभंग; छत्तीसगढ़ के ट्रेनिंग कैंप से जुड़े

    Updated: Mon, 27 Jul 2026 08:44 AM (IST)

    तेज गेंदबाज यश दयाल ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम छोड़ दी है और अब आगामी घरेलू सत्र में छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे। यह फैसला यूपी क्रिकेट के लिए एक बड़ा झ ...और पढ़ें

    छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे यश दयाल।

    छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे यश दयाल।

    HighLights

    1. तेज गेंदबाज यश दयाल ने यूपी क्रिकेट छोड़ा।

    2. आगामी घरेलू सत्र में छत्तीसगढ़ के लिए खेलेंगे।

    3. यूपी के लिए बड़ा झटका, छत्तीसगढ़ को फायदा।

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज और भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रह चुके यश दयाल ने घरेलू क्रिकेट में बड़ा फैसला लेते हुए उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम का साथ छोड़ दिया है। अब वह आगामी घरेलू सत्र में छत्तीसगढ़ की ओर से खेलते नजर आएंगे। उनके इस फैसले को यूपी क्रिकेट के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। पिछले कुछ वर्षों में यूपी के कई प्रमुख खिलाड़ियों के दूसरे राज्यों का रुख करने के बाद यश दयाल का जाना भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।

    यश छत्तीसगढ़ टीम के ट्रेनिंग कैंप से जुड़ गए हैं और जल्द ही उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से उन्हें एनओसी भी मिल जाएगी। यश दयाल लंबे समय से उत्तर प्रदेश की रणजी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली टीम का अहम हिस्सा रहे हैं। अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्विंग गेंदबाजी के दम पर उन्होंने घरेलू क्रिकेट में पहचान बनाई।

    वह पिछले साल आईपीएल का खिताब जीतने वाली आरसीबी का हिस्सा भी रहे। आईपीएल में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय टीम में भी जगह मिली।

    यौन उत्पीड़न का आरोप भी लगा

    यश दयाल पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा और पाक्सो से जुड़े मामलों के चलते उन्हें मैदान से दूर रहना पड़ा। इसके बाद भी आरसीबी ने उन्हें अपने साथ जोड़ा, लेकिन वह 2026 सीजन के लिए टीम से जुड़ नहीं सके। वह यूपी टी-20 लीग में गोरखपुर लायंस ने रिटेन किया, पर आधिकारिक टीम घोषणा में उनका नाम नहीं था।

    यश दयाल का फैसला

    सूत्रों के अनुसार, यश दयाल ने बेहतर अवसर, नई चुनौती और घरेलू क्रिकेट में नियमित भूमिका को देखते हुए बतौर गेस्ट खिलाड़ी छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ से जुड़ने का फैसला किया है। छत्तीसगढ़ टीम उन्हें अपने तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने वाली भूमिका में देख रही है। यश दयाल के जाने से उत्तर प्रदेश की तेज गेंदबाजी इकाई पर असर पड़ना तय माना जा रहा है।

    खबरें और भी

    छत्तीसगढ़ की टीम के लिए उपयोगी

    नए सत्र में टीम को अनुभव की कमी महसूस हो सकती है, जबकि छत्तीसगढ़ को उनके रूप में एक अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर का गेंदबाज मिल गया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि यश की मौजूदगी से छत्तीसगढ़ की टीम घरेलू टूर्नामेंटों में और अधिक प्रतिस्पर्धी बनेगी।

    तेज हुई चर्चा

    पिछले कुछ वर्षों में उत्तर प्रदेश के कई खिलाड़ी अन्य राज्यों की टीमों से जुड़ चुके हैं। ऐसे में यश दयाल का फैसला एक बार फिर यूपी क्रिकेट की प्रतिभा पलायन की चर्चा को तेज कर दिया है।

    कैसा रहा है करियर

    यश का करियर मध्यम गति के तेज गेंदबाज पेसर यश दयाल ने उत्तर प्रदेश के लिए साल 2018 में कानपुर के मैदान पर अपने घरेलू क्रिकेट करियर की शुरुआत की। 28 वर्षीय यश दयाल 27 प्रथम श्रेणी मैचों में 84 विकेट, 23 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36 विकेट और 71 टी-20 मैचों में 66 विकेट हासिल कर चुके हैं। आइपीएल में यश के नाम 43 मैचों में 41 विकेट हैं।

    यह भी पढ़ें- 69000 शिक्षक भर्ती मामला: SC में सुनवाई से पहले अभ्यर्थियों ने सीएम योगी से मांगा 'याची लाभ'