Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जार्डन ब्राउन भेजा गया जेल, बयानों की पड़ताल में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 01:26 PM (IST)

    अमेरिका के पूर्व नेवी सील्स जार्डन ब्राउन की पुलिस रिमांड पूरी होने पर उसे महराजगंज जेल भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उसके बयानों और पहचान से जुड ...और पढ़ें

    ट्रैवल हिस्ट्री से लेकर अन्य बयानों के आधार पर जांच में जुटी हैं एजेंसियां। जागरण

    ट्रैवल हिस्ट्री से लेकर अन्य बयानों के आधार पर जांच में जुटी हैं एजेंसियां। जागरण

    HighLights

    1. पूर्व अमेरिकी नेवी सील जार्डन ब्राउन की रिमांड पूरी हुई।

    2. सुरक्षा एजेंसियां बयानों और पहचान का सत्यापन कर रही हैं।

    3. अवैध रूप से नेपाल जाते समय महराजगंज में पकड़ा गया।

    जागरण संवाददाता, महराजगंज। नेपाल सीमा से अवैध रूप से नेपाल जाने के दौरान पकड़े गए अमेरिका के पूर्व नेवी सील्स जार्डन ब्राउन की पुलिस रिमांड गुरुवार को पूरी हो गई। स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने उसे जिला कारागार भेज दिया। इस बीच सुरक्षा एजेंसियां रिमांड के दौरान जार्डन द्वारा दिए गए बयानों और उसकी पहचान से जुड़े तथ्यों का सत्यापन करने में जुटी हैं। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।

    जांच के दौरान जार्डन ब्राउन ने कई बार अपने बयान बदले। पकड़े जाने के समय उसने खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया था, जबकि रिमांड के दौरान कभी स्वयं को अमेरिका तो कभी यूरोप के एक देश का नागरिक बताया। उसके पास कोई वैध पहचान संबंधी अभिलेख नहीं मिलने के कारण जांच एजेंसियां उसके दावों की पुष्टि में जुटी हैं।

    दरअसल, 11 जुलाई को एसएसबी ने भगवानपुर चौकी के पास उसे अवैध रूप से नेपाल जाने के दौरान उसे पकड़ा था। पकड़े जाने से पहले उसने अपने दोनों मोबाइल फोन तोड़ दिए थे, जिससे सुरक्षा एजेंसियों का संदेह और गहरा गया था। एसएसबी ने उसे पुलिस के सुपुर्द किया था, जिसके बाद विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया था। बाद में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई।

    वह भारत के जिन-जिन शहरों में रहने की बात बता रहा है, वहां के आव्रजन (इमिग्रेशन) कार्यालयों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां उसके भारत आने, यहां रहने और नेपाल जाने के उद्देश्य सहित सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही हैं।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- महराजगंज में महिला की निर्मम हत्या, सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट

    रिमांड के दौरान राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) द्वारा भी पूछताछ किए जाने की चर्चा रही, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। जेल अधीक्षक वी.के. गौतम ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिमांड अवधि पूरी होने के बाद जार्डन ब्राउन को जिला कारागार भेज दिया गया है। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा और न्यायालय के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।