मासूम की सांसों के लिए दांव पर लगा दी जिंदगी, बच्चे को नया जीवन देकर खुद दुनिया को कह गए अलविदा
महराजगंज के सीहाभार में एक व्यक्ति ने डूबते बच्चे को बचाने के प्रयास में अपनी जान गंवा दी। बच्चा सुरक्षित है और अस्पताल में भर्ती है, जबकि जगदीश गौतम ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
जगदीश गौतम ने डूबते बच्चे समर को बचाने का प्रयास किया।
बच्चा सुरक्षित बाहर निकला, जगदीश गहरे पानी में डूब गए।
ग्रामीणों ने जगदीश को मृत घोषित किया, गांव में शोक का माहौल।
संवाद सूत्र, बरगदवा, (महराजगंज)। मानवता और साहस की मिसाल पेश करते हुए एक मासूम की जान बचाने के प्रयास में 40 वर्षीय युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी। बरगदवा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सीहाभार स्थित घोला (ढेलहा) में बुधवार को हुए इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण जगदीश गौतम के साहस और बलिदान की चर्चा कर रहे हैं।
सीहाभार निवासी जगदीश गौतम पुत्र सागर बुधवार को घोला (ढेलहा) के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने समर नामक एक बच्चे को पानी में डूबते देखा। बच्चे की जान खतरे में देख उन्होंने बिना एक पल गंवाए गहरे पानी में छलांग लगा दी।
जगदीश और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से समर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। वहां उसका उपचार चल रहा है।
मासूम को बचाने की कोशिश में जगदीश स्वयं गहरे पानी में फंस गए और डूब गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें पानी से बाहर निकालकर सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट, रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका
घटना की सूचना पर बरगदवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का कहना है कि जगदीश ने अपने प्राणों की आहुति देकर एक मासूम को नया जीवन दिया है। उनका यह साहस और बलिदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा। थानाध्यक्ष धनंजय राय ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।