नौतनवा विधायक जी का रिपोर्ट कार्ड: विकास को मिली रफ्तार, महाव नाला की समस्या बरकरार
नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों में सड़क, पुल, शिक्षा और सिंचाई जैसे विकास कार्यों को गति मिली है, जिसमें रोहिन बैराज का निर्माण प्रमुख ह ...और पढ़ें
-1784708373442_m.webp)
ऋषि त्रिपाठी, विधायक, नौतनवा
HighLights
रोहिन बैराज निर्माण से सिंचाई व्यवस्था में सुधार आया।
शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को मिली गति।
महाव नाला की बाढ़ समस्या का समाधान नहीं।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में पिछले चार वर्षों के दौरान विकास कार्यों को नई गति मिली। सड़क, पुल, शिक्षा, सिंचाई, सुरक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास से क्षेत्र की तस्वीर बदली है। 148 करोड़ रुपये की लागत से रोहिन बैराज का निर्माण कराया गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई है और किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है।
सेखुआनी स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय का करीब 25 करोड़ रुपये तथा मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट इंटर कालेज, मुड़िला का लगभग 55 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जा रहा है। छपवा के पास नौतनवा फायर स्टेशन निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इससे नौतनवा विधानसभा क्षेत्र में आग लगी की घटनाओं के बाद प्रभावी तौर पर त्वरित सहायता पहुंचने में मदद मिलेगी। सेमरहवा पुल का लगभग 27 करोड़ रुपये से निर्माण कराया जा रहा है।
वहीं रजापुर-भगवानपुर (रामपुर झलुवा) मार्ग पर 3.50 करोड़ रुपये की लागत से 25 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। नौतनवा नगर पालिका और सोनौली नगर पंचायत में सीसी रोड, नाली, नाला और इंटरलाकिंग सड़कों का व्यापक निर्माण हुआ है। बरगदवा में जनजातीय विद्यालय, कोटही माता मंदिर का करीब दो करोड़ रुपये से जीर्णोद्धार तथा मां चंचाई माता मंदिर का 1.25 करोड़ रुपये से सुंदरीकरण धार्मिक और शैक्षिक विकास को नई दिशा मिली है।
अचलगढ़, तिनकोनिया, कांधपुर, बेलोहा समेत वनग्राम क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का विस्तार हुआ है, जबकि नंदा नगर चौराहे से मालीपुर-चौतरवा तक पीडब्ल्यूडी सड़क का निर्माण भी शुरू कराया गया है। वहीं दूसरी ओर महाव नाला के तटबंध की समस्या आज भी स्थानीय लोगों के लिए चुनौती बनी है।
खबरें और भी
हर वर्ष वर्षा के मौसम में नाले के कटान और बाढ़ का खतरा दो दर्जन गांवों के सामने खड़ा हो जाता है। हर बार इसके समाधान का मामला चुनावी मुद्दा बनता है, लेकिन चुनाव बीतते ही लोगों की पीड़ा काे अनसुना कर दिया जाता है। लक्ष्मीपुर क्षेत्र में रोहिन नदी की बाढ़ से भी ग्रामीण हर वर्ष जूझते हैं।
विधानसभा क्षेत्र के लोग वन्य जीवों के आतंक से भी परेशान हैं। जंगल से सटे गांवों के किसान वर्ष भर रखवाली करते रह जाते हैं। वन्यजीवों के हमले से प्राय: लोगों की जान भी जा रही है, लेकिन तारबंदी की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी। बेलवा से वनवाटारी मार्ग, अमवा से करैलिया मार्ग सहित अन्य सड़कें जर्जर हैं। सीएचसी लक्ष्मीपुर में स्टाफ नर्स के अभाव में बीते दो माह से आपरेशन से प्रसव की सुविधा भी प्रभावित हुई है।
वर्तमान विधायक जिन कार्यों को अपनी उपलब्धि बता रहे हैं, उनमें से अधिकांश की आधारशिला हमारे कार्यकाल में रखी गई थी। फायर ब्रिगेड स्टेशन की जमीन पर कब्जा था, जिसे विधायक रहते हुए हमने कब्जामुक्त कराकर सुरक्षित कराया। उसी दौरान 132 केवी विद्युत उपकेंद्र, आइटीआइ कालेज, ठूठीबारी-नौतनवा सड़क चौड़ीकरण और नौतनवा कस्बे की सड़क का कार्य आगे बढ़ा।
यह भी पढ़ें- पनियरा विधायक का रिपोर्ट कार्ड: सरकारी योजनाओं का मिला लाभ, सड़क-परिवहन से लेकर जलनिकासी की समस्या बरकरार
विधायक निधि से ढाई करोड़ खर्च कर 120 बिजली के खंभे, जर्जर तार और 36 ट्रांसफार्मर बदले गए। इधर हाल ही में महाव नाले पर डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद आज तक तटबंध मजबूत नहीं हो सके। -कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह, मुख्य प्रतिद्वंदी
रोहिन बैराज बनने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिली है। पहले समय पर सिंचाई नहीं होने से खेती प्रभावित होती थी, लेकिन अब नहरों में पर्याप्त पानी पहुंचने लगा है। किसानों ने धान की रोपाई समय पर की है और फसलों की बेहतर पैदावार की उम्मीद बढ़ी है। -मुन्ना गिरी, रतनपुर
विधायक के प्रयासों से विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। सेमरहवा पुल, जिसकी मांग वर्षों से लंबित थी, उसे स्वीकृति मिलना बड़ी उपलब्धि है। साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंच रहा है। -विजय श्रीवास्तव, नौतनवा
महाव नाले की स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। हर वर्ष तटबंध क्षतिग्रस्त होने और जलस्तर बढ़ने से किसानों की फसलें संकट में आ जाती हैं, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद समस्या जस की तस है। -लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी, बरगदवा
पोखराभिंडा -हफड़उरवा मालीपुर मार्ग का निर्माण स्वागतयोग्य है, लेकिन अधूरा होने से लोगों को परेशानी हो रही है। गिट्टी बिछी होने से आवागमन कठिन है। वहीं वनटांगिया गांवों को पीडब्ल्यूडी सड़क से जोड़ने की योजना भी अधूरी है। जिसमें तिनकोनिया व काधपुर वनग्राम नहीं जुड़ सका है। -विजय यादव, लक्ष्मीपुर
- कुल मतदाता -328914
- पुरुष मतदाता -181325
- महिला मतदाता -147587
प्रस्तुति: अरविंद त्रिपाठी
नौतनवा विधानसभा का समग्र विकास मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पिछले चार वर्षों में हमने बिना भेदभाव के हर क्षेत्र में विकास कार्य कराए हैं। रोहिन बैराज जैसी बड़ी सिंचाई परियोजना से किसानों को लाभ मिल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय, जनजातीय विद्यालय निर्माण, मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट इंटर कालेज का निर्माण भविष्य की पीढ़ी को बेहतर अवसर देगा। सेमरहवा पुल, फायर स्टेशन, वन ग्राम में इंटरलाकिंग सड़क। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल और इंटरलाकिंग निर्माण से लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का समाधान हुआ है। धार्मिक स्थलों के सुंदरीकरण से आस्था और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा। आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को और मजबूत करने के लिए नई योजनाओं पर काम किया जाएगा। मेरा प्रयास है कि नौतनवा विधानसभा विकास के प्रत्येक मानक पर प्रदेश की अग्रणी विधानसभा बने और हर नागरिक को विकास का लाभ समान रूप से मिले।
-ऋषि त्रिपाठी, विधायक, नौतनवा