विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में बाढ़ से थमा माल परिवहन, सोनौली में 13 किमी ट्रकों की कतार

Published: Fri, 04 Sep 2026 09:00 AM (IST)

नेपाल में बाढ़ के कारण प्रमुख मार्ग बंद होने से भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही ठप हो गई ...और पढ़ें

नेपाल में रास्ता बंद होने से बेलहिया में भी थमे ट्रक। जागरण

नेपाल में रास्ता बंद होने से बेलहिया में भी थमे ट्रक। जागरण

HighLights

  1. नेपाल में बाढ़ से प्रमुख मार्ग बंद, आवाजाही ठप।

  2. सोनौली सीमा पर 13 किमी तक ट्रकों की कतार।

  3. बेलहिया में कस्टम के बाद भी ट्रक फंसे।

संवादसूत्र, सोनौली। नेपाल में बाढ़ से आई त्रासदी के बाद भारत-नेपाल सीमा पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। पोखरा व काठमांडू जाने वाले प्रमुख मार्गों के बंद होने से नेपाल में मालवाहक वाहनों का दबाव बढ़ने लगा है। सोनौली सीमा से लेकर नेपाल के बेलहिया तक वाहनों की लंबी कतार लग गई है। गुरुवार को सोनौली सीमा क्षेत्र में 13 किलोमीटर तक मालवाहक वाहनों की कतार रही।

वहीं, नेपाल के बेलहिया सीमा से डंडा पुल तक करीब दो किलोमीटर तक ट्रक खड़े रहे। नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय में कस्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद भी मालवाहक वाहन आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। पोखरा और काठमांडू की ओर जाने वाले रास्ते बाढ़ और सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद हैं। ऐसे में बेलहिया में कस्टम प्रक्रिया पूरी कर चुके ट्रकों को आगे भेजना मुश्किल हो गया है। इससे सीमा के दोनों ओर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है।

नेपाल में फंसे मालवाहक वाहनों के कारण भारत के विभिन्न राज्यों में भी इसका असर दिखाई देने लगा है। नेपाल जाने वाले माल की लोडिंग पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, कानपुर, झांसी, इंदौर, ग्वालियर, वाराणसी, झारखंड, रांची और गोरखपुर समेत कई स्थानों पर प्रभावित हुई है। ट्रांसपोर्टरों ने नए माल की लोडिंग रोक दी है। उन्हें आशंका है कि रास्ता बंद होने से वाहन कई दिनों तक सीमा और नेपाल के अंदर फंसे रह सकते हैं।

बाढ़ के बाद पिछले कई दिनों से सोनौली सीमा पर भारतीय क्षेत्र में मालवाहक वाहनों की कतार बनी हुई थी। अब नेपाल की ओर भी वाहनों का जमावड़ा शुरू हो गया है। इससे स्थिति और गंभीर होती जा रही है। बेलहिया में कस्टम प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे जाने की अनुमति नहीं मिलने से चालक घंटों वाहनों में रहने को मजबूर हैं। खाने-पीने और आवश्यक सुविधाओं के लिए भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है।

नेपाल जाने वाले मालवाहक वाहनों के चालकों ने बताया कि रास्ते बंद होने से उनका समय और खर्च दोनों बढ़ रहा है। कई वाहन लंबे समय से सीमा क्षेत्र में खड़े हैं। वहीं, ट्रांसपोर्टरों को माल खराब होने और वाहनों के लंबे समय तक फंसे रहने की चिंता सता रही है। सीमा पर लगातार बढ़ रहे दबाव को देखते हुए यदि नेपाल में आवागमन जल्द सामान्य नहीं हुआ तो इसका सीधा असर भारत-नेपाल के बीच होने वाले माल परिवहन और कारोबार पर पड़ सकता हैं।

यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का खतरा बढ़ा, सोनौली सीमा पर यात्रियों के लिए अलर्ट जारी

भैरहवा भंसार चीफ हरिहर पौडेल ने बताया कि नेपाल के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ के कारण सड़क मार्ग प्रभावित होने से मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। भैरहवा भंसार में कस्टम प्रक्रिया पूरी करने वाले वाहनों को आगे भेजने में मार्ग की स्थिति के अनुसार निर्णय लिया जा रहा है। पोखरा और काठमांडू की ओर जाने वाले मार्ग प्रभावित होने से बेलहिया क्षेत्र में मालवाहक वाहनों का दबाव बढ़ा है।

यह भी पढ़ें- नारायणी से निकल रहे गृहस्थी के निशान, हर लकड़ी सुना रही है उजड़े घर की कहानी