Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नेपाल भंसार की धीमी प्रक्रिया से नहीं मिल रही राहत, सड़क पर रात गुजार रहे चालक

    Updated: Fri, 10 Jul 2026 11:53 AM (IST)

    सोनौली सीमा पर नेपाल भंसार की धीमी प्रक्रिया के कारण मालवाहक वाहनों की 5 किलोमीटर लंबी कतार लगी है, जिससे चालकों को सड़क पर रात गुजारनी पड़ रही है। भा ...और पढ़ें

    पांच दिन बाद भी सोनौली सीमा पर ट्रकों का दबाव बरकरार। जागरण

     पांच दिन बाद भी सोनौली सीमा पर ट्रकों का दबाव बरकरार। जागरण

    HighLights

    1. सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की पांच किलोमीटर लंबी कतार।

    2. नेपाल भंसार की धीमी प्रक्रिया से चालकों को भारी परेशानी।

    3. भारतीय एजेंसियां निकासी तेज करने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

    संवाद सूत्र, सोनौली। सोनौली सीमा पर मालवाहक वाहनों की कतार पांच दिन बाद भी कम नहीं हो सकी है। कस्टम और भंसार प्रक्रिया पूरी होने के बाद 220 मालवाहक वाहन नेपाल भेजे गए, लेकिन इसके बाद भी सीमा क्षेत्र में पांच किलोमीटर लंबी ट्रकों की कतार लगी हुई है।

    नो-मैन्स लैंड से लेकर नौतनवा-कुनसेरवा बाइपास तक खड़े वाहनों के कारण सीमा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित बनी हुई है। ट्रकों की निकासी तेज करने के लिए भारतीय कस्टम, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार प्रयास कर रही हैं।

    बुधवार को बड़ी संख्या में वाहनों की निकासी होने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन नेपाल भंसार में जांच और प्रवेश प्रक्रिया की धीमी गति के कारण वाहनों का दबाव पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रहा है। गुरुवार को सैकड़ों मालवाहक वाहन अब भी नेपाल प्रवेश के इंतजार में सड़क पर खड़े हैं।

    ट्रक चालकों ने बताया कि पांच दिनों से सीमा पर इंतजार करने के कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई चालक रात सड़क पर ही गुजारने को मजबूर हैं। वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से डीजल खर्च बढ़ रहा है, जबकि माल की समय पर आपूर्ति नहीं होने से ट्रांसपोर्टर और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

    सीमा पर जाम की स्थिति का असर स्थानीय लोगों और नेपाल आने-जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ रहा है। ट्रकों की लंबी कतार के कारण छोटे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही है। सड़क संकरी होने के कारण कई बार यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ रही है।

    खबरें और भी

    व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि सीमा पर वाहनों का दबाव कम करने के लिए नेपाल भंसार में प्रवेश और जांच प्रक्रिया को और तेज करने की जरूरत है। उनका कहना है कि यदि दोनों देशों के संबंधित विभाग समन्वय बनाकर काम करें तो जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सकता है।

    थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि भारतीय सीमा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगातार लगी हुई है। नेपाल भंसार अधिकारियों से वार्ता कर वाहनों की निकासी में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

    यह भी पढ़ें- महराजगंज में रामग्राम स्तूप की खोज, कन्हैया बाबा स्थल पर ASI उत्खनन को मिली हरी झंडी

    बीकानेर, राजस्थान से पाउडर लोड करके आया हूं। नेपाल माल अनलोड करने के लिए तीन दिन से खड़ा हुआ हूं। अपनी बारी का इंतजार कर रहा हूं। -कैलाश, ट्रक चालक, बीकानेर

    कोलकाता से आयरन डस्ट माल लोड करके दो दिन पहले आया हूं, नेपाल के सर्वोत्तम सीमेंट फैक्ट्री में जाना है। लेकिन अभी इंतजार करना पड़ रहा है। -दिनेश यादव, ट्रक चालक, आंबेडकरनगर