Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भंसार एजेंटों की हड़ताल समाप्त, नेपाल के लिए आज से रवाना होंगे मालवाहक

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 09:41 AM (IST)

    सोनौली सीमा पर भंसार एजेंटों की तीन दिवसीय हड़ताल नेपाल प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गई है। इससे भारत-नेपाल के बीच ठप पड़ा आवागमन और व्यापार बु ...और पढ़ें

    दोनों देशों के कस्टम अधिकारियों की बैठक के बाद बनी सहमति, पूर्व की भांति कार्य करेंगे एजेंट। जागरण

    दोनों देशों के कस्टम अधिकारियों की बैठक के बाद बनी सहमति, पूर्व की भांति कार्य करेंगे एजेंट। जागरण

    HighLights

    1. भंसार एजेंटों की तीन दिवसीय हड़ताल सोनौली सीमा पर समाप्त हुई।

    2. भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन तीन दिनों से ठप था।

    3. बुधवार से मालवाहक वाहन नेपाल के लिए रवाना होंगे।

    संवादसूत्र (सोनौली) महराजगंज। भारत-नेपाल की सोनौली सीमा पर भंसार एजेंटों का तीन दिनों से चल रहा आंदोलन मंगलवार की शाम समाप्त हो गया। नेपाल प्रशासन के आश्वासन के बाद भारतीय मूल के भंसार एजेंटों ने अपनी कलमबंद हड़ताल वापस ले ली है।

    भारत और नेपाल के कस्टम अधिकारियों के बीच बैठक के बाद सहमति बनी कि पूर्व की भांति भारतीय एजेंट नेपाल के भैरहवा भंसार कार्यालय में कार्य कर सकेंगे। गतिरोध समाप्त कराने के लिए नेपाल भंसार कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें सोनौली के कस्टम अधीक्षक संजय मिश्र, असिस्टेंट कमिश्नर सुधीर त्यागी और नेपाल भंसार कार्यालय के चीफ हरिहर पौडेल सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

    बैठक में आपसी सौहार्द बनाए रखने और सीमा क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु करने पर चर्चा हुई। नेपाल भंसार प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पुराने परिचय पत्र और दूतावास के परिचय पत्र की फोटो कापी संलग्न कर जमा करने के बाद एजेंटों को पूर्व की व्यवस्था के अनुसार कार्य करने की अनुमति दी जाएगी।

    सोनौली ट्रांसपोर्ट एंड क्लियरिंग एजेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष रतन गुप्ता ने बताया कि नेपाल भंसार की ओर से मिले आश्वासन के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है। तीन दिनों से हड़ताल के कारण भारत-नेपाल सीमा पर आयात-निर्यात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर फल-फूल रहा तस्करी का धंधा, शराब का हब बने सरहदी गांव

    एक भी मालवाहक नेपाल नहीं जा सका, जिससे सोनौली सीमा पर करीब आठ किलोमीटर तक वाहनों की लाइन लग गई थी। वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे पहले नेपाल भंसार एजेंट संघ द्वारा भारतीय एजेंटों के साथ कथित भेदभाव के विरोध में भारतीय कस्टम एजेंटों ने हड़ताल की थी।

    हड़ताल समाप्त होने के बाद सीमा क्षेत्र के व्यापारियों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। कस्टम अधीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि नेपाली कस्टम अधिकारियों से वार्ता के बाद गतिरोध समाप्त हो गया है। बुधवार से वाहन पूर्व की भांंति नेपाल के लिए रवाना होंगे।