अमेरिका के पूर्व नेवी सील जॉर्डन ब्राउन ने की महराजगंज जेल से भागने की कोशिश, NIA कर सकती है पूछताछ
महराजगंज जेल में बंद अमेरिका के पूर्व नेवी सील्स जॉर्डन ब्राउन ने भागने की कोशिश की, जिसके बाद उसे छह दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। ...और पढ़ें

जार्डन ब्राउन
HighLights
जॉर्डन ब्राउन ने महराजगंज जेल से भागने का प्रयास किया।
उसे शौचालय की छत से नीचे उतारा गया, हल्की चोटें आईं।
पुलिस ने छह दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू की।
विश्वदीपक त्रिपठी, महराजगंज। भारत से अनाधिकृत रूप से नेपाल जाते समय 11 जुलाई को पकड़े गए अमेरिका के पूर्व नेवी सील्स जॉर्डन ब्राउन ने जिला जेल से फरार होने की कोशिश की। गुरुवार की शाम उसने शौचालय की छत पर चढ़कर बल्ब होल्डिंग और उससे संबंधित रॉड को लहराते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की जिद पर अड़ गया।
जार्डन के जेल से भागने की आशंका से अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में अधीक्षक ने अलार्म बजा कर सभी बंदी रक्षकों को बुलाया। किसी तरह मशक्कत के बाद उसे शौचालय की छत से नीचे उतारा गया, इस दौरान उसे हल्की चोट भी आई है। जेल प्रशासन ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर उसे हथकड़ी पहनाकर एकांतवास में रखने की अनुमति मांगी है। पूछताछ के लिए एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) के भी महराजगंज आने की संभावना है।
वहीं, जिला कारागार आए दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के अधिकारियों को जॉर्डन से मिलने की अनुमति नहीं मिली। डीजी जेल से अनुमति न मिलने के कारण दूतावास के अधिकारी दूसरे अमेरिकी नागरिक ट्रैविस एंथोनी से मिलकर वापस लौट गए। पुलिस ने जार्डन को रिमांड पर लेने के लिए शुक्रवार को प्रभारी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से छह दिन की पुलिस रिमांड स्वीकृत हुई।
18 जुलाई से पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। 24 जुलाई को पुन: उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। शुक्रवार को पेशी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान न्यायालय परिसर में किसी को भी जाने की अनुमति नहीं थी।
खबरें और भी
अमेरिका के दूतावास से स्पेशल काउंसलर सुरेश मदान, वाइस काउंसलर डेविड डे और अमेरिकन सिटीजन सर्विस असिस्टेंट गुनीत कौर महराजगंज पहुंचे। टीम ने 31 मई को पकड़े गए अमेरिका के मिसौरी निवासी ट्रैविस एंथोनी से मुलाकात की। इसके बाद दूतावास के अधिकारियों ने जॉर्डन से मिलने की कोशिश की, लेकिन जेल अधीक्षक वीके गौतम ने डीजी जेल का आदेश न होने के कारण अनुमति नहीं दी।
दूतावास की टीम सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय पहुंचकर जार्डन ब्राउन से जुड़ी जानकारी हासिल की। पूछताछ में जार्डन ने उत्तराखंड निवासी एक महिला से अपने संबंध होने का भी उल्लेख किया है, जिसके आधार पर पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए सम्मन जारी किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर इमीग्रेशन को चकमा देकर भागा था जार्डन ब्राउन
जार्डन ब्राउन इससे पूर्व भी सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर भागने की कोशिश कर चुका है। पुलिस जांच में पता चला है कि वह थाईलैंड से फ्लाइट द्वारा दिल्ली एयरपोर्ट आया था, जहां से इमिग्रेशन को चकमा देकर भाग निकला।
बीते 13 जुलाई को उसने जेल के अंदर अपने बैरेक में उत्पात मचाते हुए अपने वस्त्र को फेंक दिया था। जार्डन ने शुक्रवार को न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर अधिवक्ता उपलब्ध कराने की मांग की, जिसके बाद उसे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से अधिवक्ता उपलब्ध कराया गया।
यह भी पढ़ें- महराजगंज के तीन महिलाओं के खाते में पहुंचे गुजरात-महाराष्ट्र की साइबर ठगी के 1.40 लाख; मुकदमा दर्ज
एक सप्ताह बाद भी नहीं सुलझ सकी गुत्थी
एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी जार्डन ब्राउन के भारत आने के उद्देश्य की गुत्थी सुलझ नहीं सकी है। उसके द्वारा बार-बार बयान बदलने और तोड़े गए मोबाइल का डाटा रिकवर न होने के कारण जांच का दायरा बढ़ गया है।
एसएसबी और पुलिस के साथ-साथ आइबी और रा के अधिकारी भी इस मामले में जुटे हैं। एयरपोर्ट पर उसके आवागमन से संबंधित रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। जार्डन ने एसएसबी, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के समक्ष तीन अलग-अलग नाम बताकर जांच को और उलझा दिया है।
उसने पहले अपना नाम सैम ब्राउन और लोगन मिलर बताया, जबकि पुलिस और न्यायालय में उसने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन दर्ज कराया, जिसके आधार पर मुकदमा भी दर्ज हुआ।
जॉर्डन ब्राउन ने शौचालय पर चढ़कर कारागार से भागने की कोशिश की थी। जिसे काफी मशक्त के बाद नीचे उतारा गया। अमेरिकी दूतावास के अधिकारी महराजगंज जिला कारागार आए थे। डीजी जेल का आदेश न होने के कारण जॉर्डन ब्राउन से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। वह जेल में बंद एक अन्य अमेरिकी बंदी से मिलकर वापस चले गए। शुक्रवार को उसे पेशी पर भेजा गया था, जहां छह दिन की पुलिस रिमांड का आदेश हुआ है। 18 जुलाई से पुलिस उसे अपनी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करेगी।
वीके गौतम, पुलिस अधीक्षक, महराजगंज