जेल से रिहा होते ही दबोचा गया 7 साल से फरार लुटेरा, महोबा उप कारागार के बाहर से मप्र पुलिस ले गई साथ
महोबा में सात साल से फरार चल रहे लूट के आरोपित प्रदीप राजपूत को उप कारागार से रिहा होते ही मध्य प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। ...और पढ़ें

आरोपी को मध्य प्रदेश पुलिस साथ ले गई।
HighLights
सात साल से फरार लूट का आरोपित गिरफ्तार।
महोबा जेल से रिहा होते ही मप्र पुलिस ने पकड़ा।
आरोपित पर यूपी-एमपी में 14 मुकदमे दर्ज।
जागरण संवाददाता, महोबा। सात साल से फरार चल रहे लूट के आरोपित को उप कारागार से रिहा होते ही मप्र पुलिस पकड़कर ले गई। आरोपित मप्र में हुई ट्रैक्टर ट्राली लूट की घटना में आरोपित है। उसके विरुद्ध उप्र व मप्र के थानों में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं।
थाना अजनर क्षेत्र के ग्राम कैथोरा निवासी प्रदीप राजपूत को जिला मजिस्ट्रेट महोबा ने 13 जुलाई को 6 माह के लिए जिला बदर घोषित किया था। इस आदेश का उल्लंघन करते हुए वह जनपद की सीमा में घूम रहा था।
अजनर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने टीम के साथ उसे कैथौरा गांव की बंगलाहार पहाड़ी के मोड़ से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक कारतूस के साथ पकड़ा था। आर्म्स एक्ट और यूपी गुंडा एक्ट के तहत उसे 23 जुलाई को जेल भेजा गया था।
जमानत मंजूर होने पर सोमवार की रात्रि करीब नौ बजे प्रदीप उप कारागार से बाहर निकला। लेकिन पहले से ही मध्य प्रदेश के गौरिहार थाने की पुलिस उसका इंतजार कर रही थी। जैसे ही वह बाहर आया पुलिस उसे पकड़कर अपने साथ ले गई। इसका इंटरनेट मीडिया पर भी वीडियो प्रचलित हो रहा है।
खबरें और भी
आरोपित प्रदीप राजपूत मप्र में ट्रैक्टर ट्राली लूटने की घटना में शामिल था और पिछले सात साल से फरार चल रहा था और मप्र की न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट भी जारी किया था।
थानाध्यक्ष अजनर महोबा सुभाषचंद्र ने बताया कि आरोपित प्रदीप के विरुद्ध अजनर, कुलपहाड़ व चरखारी में मारपीट, चोरी आदि के 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना गौरिहार मप्र के थानाध्यक्ष आरएन पटैरिया ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध 2019 में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ था और वह सात सालों से फरार चल रहा था। यहां उसके विरुद्ध केवल एक ही मुकदमा दर्ज है।