रॉयल्टी चोरी कर वाहनों को निकलवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो होमगार्ड और 17 लोकेटरों पर FIR
महोबा में रॉयल्टी चोरी कर वाहनों को निकलवाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। खनिज निरीक्षक की तहरीर पर दो होमगार्डों समेत 19 नामजदों और अज्ञात क ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, महोबा। जिले में रॉयल्टी चोरी कर वाहनों को निकलवाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। खनिज निरीक्षक की तहरीर पर थाना कबरई में दो होमगार्डों समेत 19 नामजदों व अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
जांच से बचने के लिए इन लोगों ने चौकी में लगे सीसीटीवी की फुटेज गायब कर दी। होमगार्डों से सख्ती से पूछताछ पर मामले का राजफाश हो गया।
खनिज विभाग के निरीक्षक जितेश कुमार ने बताया कि कुछ दिनों से लोकेटरों की सूचना मिली थी। खनिज वाहनों को बिना रायल्टी के पास कराने को लेकर लोकेटरों के बीच 21 जुलाई की सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच मारपीट भी हुई थी। इसकी खबर इंटरनेट मीडिया में भी प्रचलित हुआ था।
इसके बाद खनिज विभाग की टीम द्वारा जांच की गई। जिसमें कुछ लोगों के नाम सामने आए। जानकारी हुई कि संगठित लोकेटरों द्वारा बिना रायल्टी के वाहन निकलवाकर राजस्व को क्षति पहुंचाई जा रही है।
22 जुलाई की रात्रि करीब सवा 12 बजे एसडीएम सदर शिवध्यान पांडेय, सीओ सिटी रविकांत गोंड सहित खनिज विभाग की टीम ने जांच की और सीसीटीवी फुटेज देखने चाहे, लेकिन सुबह करीब चार से छह बजे के फुटेज नहीं मिले।
जांच में पता चला कि यहां तैनात होमगार्ड देवीदीन व तुलसीदास द्वारा लोकेटरों के साथ मिलकर बिना रायल्टी के वाहनों को निकलवाकर राजस्व की क्षति पहुंचाई जा रही थी। खनिज निरीक्षक जितेश कुमार ने तहरीर थाना कबरई में दी।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि होमगार्ड देवीदीन व तुलसीदास के साथ ही अंकित परमार, शैलेंद्र सिंह, पंकज महाराज, अरविंद महाराज, प्रदीप सिंह, भानु धुरिया, अंकित द्विवेदी, पिंटू पाठक, अमित साहू, रोहित तिवारी, बृजेश गौतम, सरमन पटेल, प्रहलाद सिंह, रत्नेश सिंह, राजकुमार बुधौलिया, वीरू तिवारी, अजय यादव व अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी, संगठित अपराध करने व खान एवं खनिज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
खबरें और भी
जांच और विवेचना कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इसमें कुछ वाहन स्वामी व चालक भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- हाथरस की केनरा बैंक में चोरी का प्रयास, छत के रास्ते घुसे चोर; स्ट्रांग रूम तक पहुंचने में रहे नाकाम