मैनपुरी में FSDA की बड़ी कार्रवाई, 220 KG एक्सपायर सरसों तेल फिंकवाया; दूषित मिठाइयां कराईं नष्ट
खाद्य सुरक्षा टीम ने मैनपुरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 220 किग्रा एक्सपायर सरसों तेल और 30 किग्रा दूषित मिठाइयां नष्ट कराईं। मिलावटखोरों के खिलाफ यह ...और पढ़ें

एक्सपायर सरसों का तेल नष्ट कराया।
HighLights
खाद्य सुरक्षा टीम ने मैनपुरी में की बड़ी कार्रवाई।
220 किग्रा एक्सपायर सरसों तेल नष्ट कराया गया।
30 किग्रा दूषित मिठाइयां भी मौके पर नष्ट।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। दूषित खाद्य सामग्री बेचे जाने की शिकायत पर पहुंची खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम को बड़ी सफलता मिली। छिपाकर रखी 30 किग्रा दूषित मिठाइयां नष्ट करा दीं। वहीं एक अन्य दुकान पर बिक्री को रखे कार्टून से 220 किग्रा एक्सपायर हो चुके सरसों तेल को पकड़ा गया। तेल नष्ट करा नमूने जांच को भेजे गए हैं। मिलावटखोरों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
शिकायत पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने की कार्रवाई
डीएम से नगर में मिलावटखोरी की शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की गई थी। सूचना पर मंगलवार दोपहर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को साथ लेकर दुकानों की जांच की। कन्हैया मिष्ठान भंडार में काउंटर के निरीक्षण में तो सब ठीक मिला, लेकिन दुकान के अंदर रखी मिठाइयों पर संदेह हुआ।
दूषित मिठाई भी नष्ट कराई
जांच के दौरान 30 किग्रा दूषित पुरानी मिठाइयां रखी मिलीं। इनमें बूंदी लडडू और पुरानी जलेबियां भी शामिल रहीं। सैंपल लेने के बाद सभी को नष्ट करा दिया। दुकान में हर तरफ गंदगी दिखी। अन्य मानकों की अनदेखी पर दुकानदार को धारा-32 के अंतर्गत सुधार का नोटिस जारी किया गया।
यह भी पढ़ें- आगरा में कातिल पत्नी का कबूलनामा: बोली- छोड़ देती तो जेल से भी बदतर होती जिंदगी, 16 साल से सह रही थी पति की पिटाई
बड़ी मात्रा में मिली मिलावट, नमूने जांच के लिए भिजवाए
छात्रावास स्थित मंडी में मेसर्स रामनाथ एंड संस के स्वामी अशोक कुमार गुप्ता के यहां जांच में बड़ी मात्रा में मिलावटी सरसों का तेल मिला। लोगों द्वारा लंबे समय से यहां की शिकायत की जा रही थी। 40 कार्टून में 220 बोतलों की जांच की। सभी में कबीरा ब्रांड का एक्सपायर सरसों का तेल बरामद हुआ।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- बरेली पुलिस का बड़ा एक्शन: तीन संगठित गिरोह माफिया घोषित, गौकशी नशा तस्करी और लूटपाट पर कसा शिकंजा
लगभग 38400 रुपये कीमत के तेल को अधिकारियों ने नष्ट करा बोतलों को खाली कराया। कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ब्रजेंद्र कुमार और इंद्रजीत सिंह भी शामिल रहे।
लंबे समय से मिलावटी सामग्री की सूचना मिल रही थी। पुष्ट सूचना पर की गई कार्रवाई में दूषित सामग्री मिली है। नमूने जांच को भेज अग्रिम कार्रवाई कराई जा रही है।
डॉ. श्वेता सैनी, सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय।