फोटोकॉपी शॉप बंद, मैनपुरी में B.Ed संयुक्त प्रवेश परीक्षा कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू; 1900 अभ्यर्थी शामिल
मैनपुरी में बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 रविवार को कड़ी सुरक्षा और व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के पांच केंद्रों पर 1900 अभ्यर्थी दो पालियों में ...और पढ़ें

मैनपुरी में आरसी महिला महाविद्यालय केंद्र के बाहर प्रवेश के लिए कतार में लगे अभ्यर्थी। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। उत्तर प्रदेश संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 के लिए रविवार की सुबह सख्ती के बीच प्रक्रिया आरंभ हो गई। दो पाली में होने वाली परीक्षा के लिए सभी पांच केंद्र पर पहली पाली में सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों को केंद्रों पर प्रवेश की अनुमति दी गई। हर केंद्र पर पुलिस की निगरानी के बीच सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश का क्रम संपन्न कराया गया।
सख्ती के बीच बीएड की संयुक्त प्रवेश परीक्षा आरंभ
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रविवार सुबह सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट ने अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह सात बजे से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों के पहुंचने का क्रम आरंभ हो गया था। जिले में परीक्षा के लिए बनाए गए पांच केंद्रों पर कुल 1900 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
पांच केंद्र पर पंजीकृत हैं 1900 अभ्यर्थी
डीएम डा. इंद्रमणि त्रिपाठी द्वारा जारी आदेश के अनुसार पहली पाली सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होनी है। पहली पाली के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से आरंभ करा दी गई। मुख्य द्वार पर पुलिस ने परिचय पत्र और प्रवेशपत्र का मिलान कराया।
यह भी पढ़ें- फिरोजाबाद में रेडियो ऑपरेटर का ग्रांड वेलकम: 8 लग्जरी कारों और 50 बाइकों का काफिला, 25 KM तक निकला जुलूस
ये है परीक्षा की स्थिति, केंद्र का नाम, अभ्यर्थी,
- जीआईसी आगरा रोड, 380
- आरसी महिला डिग्री कॉलेज, 380
- सनातन धर्म इंटर कॉलेज, 380
- श्री चित्रगुप्त इंटर कॉलेज, 380
- श्री चित्रगुप्त पीजी कॉलेज, 380
दो पाली में होनी है परीक्षा, पहली पाली के लिए दिखे कड़े प्रबंध
केंद्रों के अंदर बायोमीट्रिक जांच की प्रक्रिया को संपन्न कराने के बाद अभ्यर्थियों को कक्ष में जाने की अनुमति दी गई। परीक्षा आरंभ होने से दो घंटे पूर्व पुलिस अभिरक्षा में परीक्षा सामग्री केंद्र व्यवस्थापकों को सौंपी गई। हर केंद्र पर अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था से लेकर कक्षों में सीसी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डिंग की व्यवस्था कराई गई है। केंद्रों के आसपास के सभी इंटरनेट कैफे और फोटोकॉपी की दुकानों को बंद करा दिया गया है।