यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP News: करहल उपचुनाव में मायावती की कार्रवाई से गरमाया चुनावी माहौल, वोटिंग से कुछ दिन पहले पार्टी में बड़ा बदलाव
Karhal Byelection करहल उपचुनाव में बसपा ने बड़ा दांव खेला है। जिला कार्यकारिणी में अचानक बदलाव करते हुए नए जिलाध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। इस कदम से ...और पढ़ें

HighLights
- चुनाव से पहले बसपा ने जिलाध्यक्ष को हटाया
- मनीष सागर को सौपी जिलाध्यक्ष की कमान
- राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा कराई गई जांच के बाद हुई कार्रवाई
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। उपचुनाव को लेकर करहल विधानसभा सीट पर राजनीतिक पारा पहले ही गरमाया है। ऐसे में बसपा द्वारा जिला कार्यकारिणी में अचानक परिवर्तन कर संगठन की बागडोर नए जिलाध्यक्ष के हाथ सौंप दी। किसी मामले लेकर कराई गई संगठनात्मक जांच में दोषी मिलने पर जिलाध्यक्ष को हटाकर मनीष सागर को जिम्मेदारी सौंपी है।
उपचुनाव में बसपा पूरा दम भर रही है। स्थानीय नेताओं के बीच मनमुटाव को लेकर पहले ही समर्थकों में बिखराव की स्थिति है। संगठन को मजबूती देने और पार्टी की नीतियों को मतदाताओं तक पहुंचाने के लिए बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व मंत्री एवं मंडल प्रभारियों को करहल की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रेम चंद्र शाक्य को पद से हटाया
महीने भर से सभी घर-घर जाकर मतदाताओं तक संगठन की बात रख रहे हैं। अचानक सोमवार को पार्टी अध्यक्ष ने जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र शाक्य को उनके पद से हटा दिया। जिला प्रभारी का दायित्व संभाल रहे मनीष सागर को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके साथ नवरतन बौद्ध एवं देवेंद्र बघेल को जिला प्रभारी बनाया है। मंडल को-आर्डिनेटर दीपक पेंटर का कहना है कि पार्टी नेतृत्व द्वारा फेरबदल किया गया है। किसी प्रकरण को लेकर जांच कराई गई थी।
.jpg)
करहल सीट से अवनीश कुमार शाक्य को बनाया प्रत्याशी
बसपा ने शाक्य चेहरे को प्राथमिकता दी है। करहल सीट से डा. अवनीश कुमार शाक्य को प्रत्याशी बनाया गया है।मूल रूप से भोगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी डा. अवनीश नगर के आवास विकास कॉलोनी में क्लीनिक संचालित करते हैं। वर्ष 2018 से निरंतर विधानसभा क्षेत्र भोगांव के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
खबरें और भी
भतीजे के लिए जनसमर्थन जुटाने शुक्रवार को रैली करेंगे अखिलेश
करहल उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने पूरा जाेर लगा दिया है। पार्टी प्रत्याशी और अपने भतीजे तेजप्रताप सिंह यादव के समर्थन में रैली के लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव शुक्रवार को जिले में आएंगे। करहल विधानसभा के कोसमा चौराहा पर उनकी रैली को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समाजवादी पार्टी की परंपरागत करहल विधानसभा सीट पर 2022 में सपा मुखिया अखिलेश यादव को विधायक चुना गया था। 2024 में कन्नौज से सांसद बनने के बाद उनके इस्तीफे के चलते रिक्त हुई सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होना है।
.jpg)
तेजप्रताप को बनाया सपा ने प्रत्याशी
अपनी मजबूत सीट पर इस बार सपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के भतीजे पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव को प्रत्याशी बनाया है। करहल में भाजपा प्रत्याशी अनुजेश यादव के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घिरोर में रैली के बाद अब सपा ने अपनी ताकत लगाना शुरू कर दिया है।
.jpg)
ये भी पढ़ेंः वाराणसी से आगरा आ रही थी वंदे भारत ट्रेन, तेज आवाज आई और थम गए गाड़ी के पहिए; यात्रियों में मची खलबली
ये भी पढ़ेंः UP Weather News: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाइये तैयार! अगले 48 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज
ये रहेगा कार्यक्रम
15 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव यहां के कोसमा चौराहा के पास मैदान में जनसभा को संबोधित करने हैलीकाप्टर से आएंगे। दोपहर दो बजे वे रैली को संबोधित करने पहुंचेंगे।। इसी दिन पहली रैली में वे अलीगढ़ के खैर विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा करेंगे। सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक कार्यक्रम जारी हो गया है। रैली में भीड़ जुटाने के लिए संगठन के जिम्मेदारों काे लगाया गया है।