आगरा एक्सप्रेसवे पर हादसा: वाहन से टकराई स्लीपर कोच में लगी आग में तीन झुलसे; दिल्ली से लखनऊ जा रही थी बस
आगरा एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से लखनऊ जा रही एक स्लीपर कोच बस में आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद आग लग गई। इस हादसे में चालक सहित तीन लोग झुलस गए, जबकि ...और पढ़ें

HighLights
आगरा एक्सप्रेसवे पर स्लीपर कोच बस में लगी आग।
वाहन से टकराने के बाद हुआ भीषण सड़क हादसा।
चालक सहित तीन लोग आग में झुलसकर घायल।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। आगरा एक्सप्रेसवे पर शनिवार रात आगे चल रहे वाहन में टकराने के बाद दिल्ली से सवारियां लेकर लखनऊ जा रही स्लीपर कोच बस में आग लग गई। आग लगते ही बस में बैठी 40 सवारियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चालक सहित तीन लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। पुलिस के साथ पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती करा पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
दिल्ली से लखनऊ जाते समय हुआ हादसा
दिल्ली के आनंद विहार से स्लीपर कोच बस (संख्या-यूपी 78 केपी 9670) शनिवार रात 40 सवारियां लेकर लखनऊ जा रही थी। रात एक बजे के करीब जब बस आगरा एक्सप्रेसवे पर करहल क्षेत्र में माइलस्टोन 85.500 किमी के निकट पहुंची। तभी ओवरटेक करते समय आगे चल रहे वाहन से टकराने के बाद बस अनियंत्रित हो गई, जिससे बस के इंजन में आग लग गई। लपटें देख सवारियो में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें- मैनपुरी को 682 करोड़ की सौगात: विकास योजनाओं के साथ सीएम योगी सपा के गढ़ में करेंगे चुनावी शंखनाद
बस में सवार थीं 40 सवारियां
आग ने बस को चपेट में ले लिया, लेकिन इस बीच चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को सड़क किनारे खड़ा कर सवारियों को नीचे उतार लिया। सूचना मिलते ही सीओ करहल अजय चौहान और इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पांडेय फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जहां टीम ने आधा घंटा की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
यह भी पढ़ें- सपा के गढ़ में सीएम योगी आदित्यनाथ देंगे 682 करोड़ की सौगात, कल मैनपुरी में जनसभा को करेंगे संबोधित
पुलिस के साथ पहुंची फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, घायल मेडिकल कालेज में कराए भर्ती
हादसे में बस चालक कृष्णा निवासी चिकरंदा, थाना राजा खैड़ा, धौलपुर, राजस्थान, क्लीनर अविनाश उर्फ विक्की निवासी गपचगांव, थाना सदर, जिला धौलपुर, राजस्थान और हुसैन निवासी ओमेक्स सिटी लखनऊ घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर ने अन्य सवारियों को दूसरे वाहन में बैठाकर उनके गंतव्य को रवाना कर दिया गया है। सीओ ने बताया कि हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। अन्य सवारियों को उनके गंतव्य को रवाना कर दिया गया है।