Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ में 3 जुलाई से शुरू होगा 'यूपी आम महोत्सव', किसानों को कमाई का मिलेगा नया प्लेटफॉर्म

    Updated: Fri, 26 Jun 2026 04:36 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश आम महोत्सव 3 से 5 जुलाई तक लखनऊ में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य आम को राष्ट्रीय पहचान दिलाना और किसानों को बेहतर विपणन अवसर प्रदान करना ह ...और पढ़ें

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

    जागरण संवाददाता, मैनपुरी। प्रदेश की प्रमुख बागवानी फसल आम को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और किसानों को बेहतर विपणन अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश आम महोत्सव का आयोजन तीन से पांच जुलाई तक लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जाएगा। उद्यान विभाग ने जिले के प्रगतिशील आम उत्पादकों से महोत्सव में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।

    जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि महोत्सव में प्रदेश की उत्कृष्ट और व्यावसायिक आम की विभिन्न किस्मों के साथ आम से तैयार प्रसंस्कृत उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा।

    किसानों को मिलेगा नए अवसर तलाशने का मौका

    कार्यक्रम के दौरान किसानों, व्यापारियों, निर्यातकों और विशेषज्ञों के बीच खरीदार-विक्रेता बैठकें आयोजित होंगी, जिससे किसानों को बाजार से जुड़ने और नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा।

    उन्होंने बताया कि आम से बने उत्पाद, आकर्षक पैकेजिंग और वैल्यू एडिशन तकनीकों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी में शामिल होने के लिए किसानों को अपने आम के नमूने दो जुलाई सुबह 10 बजे तक लखनऊ भेजने होंगे। उत्कृष्ट गुणवत्ता वाले आमों को पुरस्कृत किया जाएगा, साथ ही किसान अपने उत्पादों की बिक्री भी कर सकेंगे।

    यह भी पढ़ें- टिटनेस का इंजेक्शन लगवाने आए युवक के शरीर में छोड़ दी सुई, रातभर तड़पता रहा दर्द से, मैनपुरी के सरकारी अस्पताल की लापरवाही