Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ का भारी दबाव, उमस से भक्त हुए बेसुध, दो घंटे में हुए दर्शन

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 08:09 PM (IST)

    वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में दर्शनार्थियों को भीड़, उमस और अव्यवस्था के कारण घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. श्रद्धालु भीड़, उमस और बैरियर पर घंटों फंसे रहे।

    2. प्रबंधन समिति भीड़ नियंत्रण की योजना बनाने में विफल रही।

    3. गुरु पूर्णिमा पर वृंदावन में और अधिक भीड़ की आशंका।

    जागरण संवाददाता, वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन की इच्छा लिए देश के विभिन्न प्रांतों से श्रद्धालु वृंदावन तो पहुंच रहे हैं। लेकिन, आराध्य बांकेबिहारी के दर्शन करने में उन्हें ध्वस्त हो चुकी अव्यवस्था के कारण उमसभरी गर्मी, भीड़ का दबाव, पुलिस के बैरियर पर घंटों खड़े रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।

    रविवार सुबह मंदिर आने के मुख्य प्वाइंट विद्यापीठ व जुगलघाट से मंदिर के अंदर प्रवेश करने में श्रद्धालुओं को दो घंटे तक भीड़ का दबाव, पुलिस बैरियर और उमसभरी गर्मी झेलनी पड़ी, तब जाकर मंदिर में अंदर प्रवेश मिला। लेकिन, यहां भी भारी उमस ने श्रद्धालुओं को बेसुध कर दिया।

    ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ रविवार सुबह मंदिर खुलने से पहले ही आसपास की गलियों में पहुंच गई। कुछ देर में लंबी लाइनें लग गईं।

    भीड़ अधिक होने पर पुलिस ने बैरियर लगाकर श्रद्धालुओं को रोक दिया। मंदिर के पट खुलने पर आगे खड़े श्रद्धालुओं को प्रवेश मिल गया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने बैरियर नहीं खोला। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ कम होने पर पुलिसकर्मियों ने बैरियर खोले। बैरियर पर भी आगे खड़े श्रद्धालु ही आगे बढ़ पाते कि दोबारा बैरियर लगा दिया जाता।

    हजारों श्रद्धालु दर्शन से वंचित

    हालात ये कि एक-एक बैरियर पर श्रद्धालुओं को आधा घंटे तक उमसभरी गर्मी में भीड़ का दबाव झेलना पड़ा। भीड़ के बीच फंसी महिलाओं बच्चों की हालत खराब हो रही थी। भीड़ का दबाव ऐसा कि बाहर निकलने का रास्ता भी उन्हें नहीं मिल पा रहा था।

    खबरें और भी

    धीरे-धीरे आगे बढ़ते भक्तों के कदम जब मंदिर के अंदर पहुंचते तो राहत मिलती। सुबह से शुरू हुई भक्तों की भीड़ दोपहर को मंदिर के पट बंद होने तब बनी रही। पट बंद होने पर हजारों श्रद्धालु दर्शन से वंचित रह गए। ये भक्त आसपास ही डेरा डालकर बैठ गए और शाम को मंदिर के पट खुलने पर दर्शन किए। शाम को भी हालात बिगड़ते दिखाई दिए।

    ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति ने पिछली बैठक में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के साथ भीड़ का दबाव न बने, इसके लिए समिति में शामिल मंदिर सेवायत चारों सदस्यों रजत गोस्वामी, गोपेश गोस्वामी, हिमांशु गोस्वामी, शैलेंद्रनाथ गोस्वामी के साथ डीएम सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा को बैठक कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

    अधिकारियों का गोवर्धन मुड़िया पूर्णिमा पर पूरा ध्यान केंद्रित रहा, लेकिन बांकेबिहारी की नगरी में भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, बाजार व परिक्रमा में अतिक्रमण के लिए कोई योजना अब तक नहीं बनी है। जबकि 29 जुलाई बुधवार को गुरु पूर्णिमा महोत्सव पर देश दुनिया के लाखों श्रद्धालु वृंदावन में गुरु पूजन के लिए डेरा डालेंगे।

    मंदिर उच्चाधिकार प्राप्त प्रबंधन समिति के सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने बताया अधिकारी गोवर्धन मुुड़िया मेला की व्यवस्था में ही व्यस्त रहे, जबकि बांकेबिहारी मंदिर सहित वृंदावन में भी भक्तों की भीड़ गुरु पूर्णिमा तक मंदिरों के दर्शन व गुरु पूजन को पहुंचेगी।

    यह भी पढ़ें- वृंदावन बांकेबिहारी मंदिर: मोबाइल प्रतिबंध पर 24 घंटे में यू-टर्न, श्रद्धालुओं ने झेली परेशानी