जंतर मंतर प्रदर्शन के बाद डैमेज कंट्रोल करेगी भाजपा, Gen-Z को साधने के लिए घर-घर पहुंचेगी महिला मोर्चा की टीम
नीट पेपर लीक के बाद युवाओं के आक्रोश को शांत करने और जेन-जी से जुड़ने के लिए भाजपा ने नई रणनीति अपनाई है। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
भाजपा महिला मोर्चा नीट परीक्षार्थियों से घर-घर संपर्क करेगी।
नीट पेपर लीक के बाद युवाओं का आक्रोश शांत होगा।
परीक्षार्थियों की समस्याएं और सुझाव पार्टी नेतृत्व को भेजे जाएंगे।
विनीत मिश्र, मथुरा। राजनीति में हर कदम बहुत ही सोच-समझकर उठाया जाता है। नीट के पेपर लीक के बाद युवाओं के आंदोलन और आक्रोश को देख अब भाजपा ने अपनी राजनीतिक रणनीति में जेन-जी पर ध्यान केंद्रित किया है। उनके आक्रोश को शांत कर उनसे दिल के तार जोड़ने को अब खुद भाजपाई नीट परीक्षार्थियों के घर जाएंगे।
उनकी समस्याएं सुनेंगे, सुझाव लेंगे और फिर उस पर अमल के लिए पार्टी नेतृत्व को भेजेंगे। यह जिम्मेदारी भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई है। हर मंडल में महिला मोर्चा की टीम परीक्षार्थियों के साथ उनके स्वजन से भी संपर्क करेगी।
नीट के पेपरलीक को लेकर जो हंगामा हुआ, उससे युवाओं में नाराजगी भी देखी जा रही है। युवाओं के आंदोलन के समर्थन में विपक्ष उतरा, यह भी राजनीतिक रूप से उसका सधा हुआ कदम है। युवाओं के आक्रोश को भाजपा नेतृत्व ने भी भांप लिया है। इसी आक्रोश को कम करने के लिए भाजपा की महिला मोर्चा की टीम अब नीट के परीक्षार्थियों के घर-घर जाएगी।
मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानति श्रीनिवासन ने इसे लेकर पार्टी के पदाधिकारियों को निर्देश दिए हैं। पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि वह पार्टी के गठित प्रत्येक मंडल क्षेत्र में जाकर वहां नीट परीक्षार्थियों से संपर्क करेंगी। उनसे पूछेंगी कि परीक्षा में क्या-क्या परेशानी हुई, उनके सुझाव भी लेंगी।
खबरें और भी
परिवार की सहमति हुई तो उनसे मुलाकात को इंटरनेट मीडिया पर भी साझा किया जाएगा। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मुदिता शर्मा कहती हैं कि पार्टी नेतृत्व के आदेश पर जल्द ही घर-घर संपर्क अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है।
हर मंडल पर चार महिलाओं को जिम्मेदारी
भाजपा के अपने मंडल हैं और उनकी पूरी एक टीम है। पार्टी नेतृत्व ने प्रत्येक मंडल क्षेत्र में रहने वाले नीट परीक्षार्थियों से मिलने के लिए हर मंडल में चार-चार महिलाओं को जिम्मेदारी दी है। इनकी जिम्मेदारी परीक्षार्थी और उनके स्वजन की समस्याएं और सुझाव पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाने की होगी।
ऐसे पता करेंगे नीट परीक्षार्थी
महिला मोर्चा की पदाधिकारी कालेजों के साथ ही कोचिंग संस्थानों से यह पता करेंगी कि किस इलाके में किस छात्र-छात्रा ने नीट की परीक्षा दी है। इसका ब्यौरा भी एकत्र किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- यूपी में लेखा परीक्षक और सहायक लेखाकार के 1957 पदों पर होगी भर्ती, 3 अगस्त तक होंगे आवेदन