वृंदावन आई हरियाणा की महिला से दिनदहाड़े चेन लूटी, दो युवकों ने पीछा कर एक लुटेरे को दबोचा
मथुरा में वृंदावन दर्शन को आई हरियाणा की महिला श्रद्धालु से चेन लूटकर भाग रहे दो लुटेरों में से एक को दो बाइक सवार युवकों ने पीछा कर दबोच लिया। ...और पढ़ें

पुलिस जीप में बैठा पकड़ा गया चेन स्नेच
HighLights
मथुरा में हरियाणा की महिला श्रद्धालु से चेन लूटी गई।
दो युवकों ने बहादुरी से पीछा कर एक लुटेरे को पकड़ा।
पुलिस ने लूटी हुई चेन बरामद की, दूसरे की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, मथुरा। नए बस स्टैंड के समीप गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बच्चों के साथ वृंदावन दर्शन को आई हरियाणा के हिसार की महिला श्रद्धालु के गले से बाइक सवार दो लुटेरे चेन खींचकर भाग निकले।
महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही लुटेरे तेज रफ्तार में फरार होने लगे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे दो बाइक सवार युवकों ने हिम्मत दिखाई और बिना देर किए लुटेरों का पीछा शुरू कर दिया। युवकों की दिलेरी के चलते लूट के बाद भाग रहे बदमाशों में से एक को बाइक समेत दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी अंडरपास स्थित रेलवे लाइन पार कर भागने में सफल रहा। पकड़े गए लुटेरे के कब्जे से महिला की लूटी गई चेन बरामद हो गई है। फरार साथी के बारे में पूछताछ हो रही है।
हरियाणा के हिसार के गांव हांसी निवासी मुकेश देवी गुरुवार सुबह अपने दो बच्चों के साथ वृंदावन दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन के बाद वह दोपहर करीब तीन बजे नए बस स्टैंड के समीप खरीदारी करने पहुंचीं। इसी दौरान अपाचे बाइक सवार दो लुटेरे हेलमेट लगाकर अचानक उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर गले से चेन खींच ली।
महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों लुटेरे बाइक दौड़ाकर भागने लगे। चेन लूटे जाने से घबराई महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। वह और दोनों बेटे पैदल थे। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों के साथ वहां से गुजर रहे लोहवन निवासी तरुण रावत और युवराज उपाध्याय ने अपनी बाइक से लुटेरों का पीछा किया।
खबरें और भी

लुटेरों को लगा कि वह आसानी से भाग निकलेंगे, लेकिन युवकों की तेज नजर और हिम्मत ने उनकी योजना पर पानी फेर दिया। रेलवे अंडरपास के समीप लुटेरों की तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। एक लुटेरा बाइक से उतरकर रेलवे लाइन की ओर भागा और पटरी पारकर फरार हो गया।
दूसरे लुटेरे को युवकों ने घेरकर पकड़ लिया और उसकी बाइक भी कब्जे में ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए लुटेरे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से महिला की चेन बरामद कर ली।
कोतवाल विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस टीम जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद जहां पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है, वहीं लुटेरों को पकड़ने में दोनों युवकों की बहादुरी की लोग सराहना कर रहे हैं।
हेलमेट निकालकर लुटेरों पर फेंका, अनियंत्रित हुई बाइक
जमुनापार के गांव लोहवन निवासी तरुण रावत और युवराज उपाध्याय दोनों दोस्त हैं। उन्होंने बताया कि वह सिनेमा हाल में फिल्म देखकर वापस घर लौट रहे थे। नए बस स्टैंड के समीप महिला की चेन लुटने की जानकारी हुई।
सड़क पर तेज रफ्तार में सफेद रंग की अपाचे बाइक पर दो हेलमेट सवार भागते नजर आए। वह समझ गए कि यही दोनों लुटेरे हैं। तरुण ने बताया कि अंडरपास के समीप उन्होंने युवराज का हेलमेट निकालकर लुटेरों पर तेजी से मारा। इससे उनकी बाइक फिसल गई। गिरने पर उन्होंने एक को दबोच लिया।
दूसरे लुटेरे के पीछे दौड़ा युवराज, ट्रेन आने से निकल गया
युवराज ने बताया कि दूसरे लुटेरे को पकड़ने के लिए वह उसके पीछे रेलवे लाइन की ओर भागे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही लुटेरा पटरी पार कर चुका था। वहीं ट्रैक पर ट्रेन को नजदीक आता देख वह इस पार ही खड़े रहे। इसके चलते दूसरे लुटेरों को भागने का पूरा मौका मिल गया।