मुड़िया मेला: मथुरा जंक्शन और गोवर्धन पर रेलवे खोलेगा अतिरिक्त टिकट काउंटर, यात्रियों की भीड़ को देखते हुए तैयारी
रेलवे ने मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए मथुरा और गोवर्धन में व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, कर्मचारी, चिकि ...और पढ़ें

मथुरा जंक्शन।
जागरण संवाददाता, मथुरा। रेलवे द्वारा मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान मथुरा व गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित, सुगम व सुविधाजनक यात्रा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। सभी संबंधित विभागों के समन्वय से मेला अवधि के दौरान विशेष प्रबंध लागू किए गए हैं। 25 जुलाई से मेला शुरू हो रहा है।
जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 21 और गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर चार अतिरिक्त टिकट काउंटर खोले जाएंगे। यात्रियों की सुविधा व भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए वाणिज्य विभाग की ओर से लगभग 80 कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। इनमें टिकट चेकिंग व बुकिंग स्टाफ, वाणिज्य निरीक्षक शामिल हैं। इनमें मथुरा जंक्शन पर लगभग 55 कर्मचारी, गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर 15 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
शेष कर्मचारियों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर लगाया गया है। टिकट व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर 21 अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे। प्रथम प्रवेश द्वार पर आठ, द्वितीय प्रवेश द्वार पर छह, तृतीय प्रवेश द्वार पर चार अतिरिक्त काउंटर खोले गए हैं।
इसके अतिरिक्त तीन टिकट काउंटर रिजर्व रखे गए हैं, जिन्हें यात्रियों की संख्या बढ़ने पर तत्काल खोला जाएगा। गोवर्धन रेलवे स्टेशन पर चार अतिरिक्त टिकट काउंटर संचालित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मथुरा जंक्शन के प्रथम, द्वितीय (मालगोदाम की ओर), तृतीय (धौली प्याऊ) प्रवेश द्वार पर पर्याप्त यात्री शेड, हेल्प डेस्क, सूचना केंद्र स्थापित किए गए हैं। यात्रियों के मार्गदर्शन, गुमशुदा सूचना, टिकट संबंधी सहायता, भीड़ नियंत्रण के लिए रेलवे कर्मचारी निरंतर उपलब्ध रहेंगे।
खबरें और भी
मथुरा जंक्शन स्टेशन पर 24 घंटे चिकित्सा शिविर, प्राथमिक उपचार केंद्र, एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। साथ ही यात्रियों की सहायता के लिए खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है। स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए मथुरा जंक्शन, भूतेश्वर, गोवर्धन रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है।
सभी प्रमुख प्रवेश द्वारों पर पर्याप्त डस्टबिन, नियमित कचरा संग्रहण की व्यवस्था की गई है। पीआरओ संजय कुमार गौतम ने बताया कि मेले के लिए रेलवे द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।