Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्मैक के मुनाफे के लालच में दोस्त ने कुएं में फेंका, तीन साल बाद झगड़े में खुला हत्या का राज

    Updated: Sun, 26 Jul 2026 09:01 PM (GMT+05:30)

    मथुरा में तीन साल पहले लापता हुए युवक लाखन सिंह का नरकंकाल कुएं से मिला। स्मैक के मुनाफे को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों ने उसे नशे में धुत कर जिंदा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. तीन साल पहले लापता युवक का नरकंकाल मिला।

    2. स्मैक के मुनाफे को लेकर दोस्तों ने हत्या की।

    3. घरेलू विवाद से खुला हत्या का तीन साल पुराना राज।

    जागरण संवाददाता, मथुरा। हाईवे थाना क्षेत्र के गांव बाजना में तीन वर्ष पूर्व लापता हुए 27 वर्षीय युवक व कुएं में मिले नरकंकाल के प्रकरण का राजफाश हो गया है। स्मैक बेचकर अधिक मुनाफा कमाने के लालच में शातिरों ने युवक को नशे में धुत करके हाथ-पैर पकड़कर जिंदा कुएं में फेंक दिया था। एक घरेलू विवाद में आरोपित के मुंह से निकले शब्दों ने तीन वर्ष पुराने राज से पर्दा उठा दिया। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।

    हाईवे थाना क्षेत्र के गांव बाजना निवासी 27 वर्षीय लाखन सिंह करीब तीन वर्ष पहले घर में हुए एक मामूली विवाद के बाद अचानक लापता हो गए थे।

    काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। स्वजन ने गुमशुदगी दर्ज कराने के साथ ही अपने स्तर पर भी तलाश जारी रखी, लेकिन तीन वर्ष तक लाखन का कोई पता नहीं चल सका।

    गांव में रहने वाले सोनू खान ने पारिवारिक विवाद के चलते कथित तौर पर इस घटना का राजफाश किया। स्वजन ने पुलिस की मौजूदगी में सूखे कुएं की तलाशी ली तो वहां मानव कंकाल बरामद हुआ।

    मौके से मिले कपड़ों के अवशेष, गले में मिली कंठी और मोबाइल चार्जर के आधार पर स्वजन ने कंकाल की पहचान लाखन के रूप में की। स्वजन के प्रार्थना-पत्र पर पुलिस ने गांव के टीकम खान और महेश को गिरफ्तार करके पूछताछ की।

    आरोपितों ने बताया कि उनकी लाखन से अच्छी दोस्ती थी और तीनों साथ में स्मैक का नशा करते थे। लाखन राजस्थान के लोगों को स्मैक बेचता था और अच्छी कमाई करता था। दोनों उससे कमाई में हिस्सा मांगते थे, लेकिन लाखन कथित तौर पर उन्हें गाली देकर धमकाता था। इसी के बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

    आरोपितों ने बताया सुनसान चौबे वाले खेत के कुएं पर बने कमरे में तीनों नशा कर रहे थे। इसी दौरान लाखन को नशे में धुत कर दिया गया। इसके बाद टीकम ने उसके हाथ और महेश ने पैर पकड़े और दोनों ने उसे जिंदा कुएं में फेंक दिया। आवाज बंद होने की पुष्टि के बाद ऊपर से मिट्टी और कचरा डालकर चले गए।

    खबरें और भी

    हत्या के बाद दोनों आरोपितों ने ऐसा दिखावा किया कि मानो उन्हें भी लाखन की तलाश की चिंता हो। परिवार के साथ रहकर वे तीन वर्ष तक उसे ढूंढने का नाटक करते रहे, ताकि किसी को उन पर शक न हो।

    25 जुलाई को घरेलू विवाद के दौरान टीकम का अपने भतीजे सोनू खान से झगड़ा हो गया। गुस्से में टीकम ने कह दिया कि जैसे लाखन को कुएं में फेंका था, तुझे भी फेंक दूंगा। यही बात परिवार तक पहुंची और तीन वर्ष से दबा हत्या का राज खुल गया। हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।

    यह भी पढ़ें- मथुरा में 3 साल से लापता युवक की गुत्थी सुलझी, घर के पास ही कुएं में मिला नरकंकाल; पुलिस ने दो लोगों को पकड़ा

    यह भी पढ़ें- मर्डर या नेचुरल डेथ? जमशेदपुर में नाले किनारे बरामद नरकंकाल से मचा हड़कंप, फोरेंसिक जांच का सहारा