मथुरा: दो करोड़ की हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद
मथुरा में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और हाईवे पुलिस ने एक किलोग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मथुरा में एक किलोग्राम हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार।
बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत दो करोड़ रुपये है।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और हाईवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, मथुरा। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा जोन और थाना हाईवे पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक किलोग्राम हेरोइन के साथ दो अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी कब्जे में ली है।
एक किलो हेरोइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद
हाईवे थाना प्रभारी प्रशांत कपिल ने बताया कि मंगलवार देर रात मंडी इलाके में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
इन आरोपितों को किया गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इमरान निवासी ऊपरकोट टीला बोलिशा मस्जिद के पास, थाना ऊपरकोट कोतवाली जिला अलीगढ़ और शहबाज़ निवासी ऊपरकोट टंकी वाली गली, छोटी मस्जिद थाना ऊपरकोट कोतवाली अलीगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे हेरोइन कासगंज से लेकर आए थे और मथुरा में इसकी सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसा: एंबुलेंस-लोडर टेंपो टक्कर में आगरा के दो युवकों की मौत, मथुरा से जेवर जा रहे थे दोनों
आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। हेरोइन की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और इससे जुड़े अन्य तस्करों के बारे में पूछताछ की जा रही है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।