मथुरा नाव हादसा: 14 KM दूर मिली लापता यश की ढोलक, पिता बोले- बेटे की आवाज सुनने को तरसे कान
हादसे के 14 किमी दूर गोकुल बैराज के पास यश की प्रिय ढोलक मिली, जिसे देखकर पिता भावुक हो गए। ढोलक को सीने से लगाकर उन्होंने कहा कि अब उनके कान बेटे की ...और पढ़ें

हादसे के बाद मिली ढोलक। फोटो सौः पुलिस विभाग।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जितेंद्र गुप्ता, मथुरा। श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ भजन-कीर्तन के लिए ढोलक बजाने आए युवराज उर्फ यश हादसे के बाद से अब भी लापता है। पिता सुबह से यमुना किनारे पथराई आंखों से बेटे की राह देखते रहे, लेकिन उनकी कोई खबर नहीं मिली। बेटे की सलामती की आस में बैठे पिता को जो मिला, उसने उनका कलेजा चीर दिया।
घटनास्थल से 14 किमी दूर गोकुल बैराज के पास यश की प्रिय ढोलक मिल गई। ढोलक देख पिता की आंखें आंसुओं से तर हो गईं। ढोलक को सीने से लगाया और बोले, अब मेरे काम बेटे की आवाज सुनने को तरस रहे हैं।
14 किमी दूर गोकुल बैराज के पास पुलिस ने की बरामद
पंजाब से आए श्रद्धालुओं के जत्थों ने भजन कीर्तन के लिए अपने साथ ढोलक बजाने के लिए लुधियाना के जालंधर बाइपास निवासी 23 वर्षीय युवराज उर्फ यश भल्ला को भी लेकर आए थे। युवराज भी श्रद्धालुओं के साथ मोटरबोट में सवार थे। वह ढोलक बजाते थे। घटना के कुछ देर पहले बनाए गए वीडियो में वह ढोलक बजाते नजर आ रहे हैं, हादसे के बाद से वह भी लापता हैं।
यश भल्ला की तलाश में जुटी रहीं टीमें
लुधियाना से पिता राकेश भल्ला शनिवार तड़के घटनास्थल पर पहुंचे। और बेटे के इंतजार में यमुना किनारे बैठे हैं। उनकी बस एक इच्छा है, बेटे को जिंदा देख लें, कम से कम एक बार उसकी आवाज सुन लें। रविवार सुबह 10 बजे महावन पुलिस ने पानी में तैरती हुई ढोलक को घटनास्थल से 14 किमी दूर गोकुल बैराज के समीप से बरामद की। पुलिस ने बेटे की ढोलक मिलने की जानकारी पिता को दी। उनके मुंह से बस एक ही शब्द निकले कि यमुना मां ढोलक मिल गई है, लेकिन अभी बेटे की आवाज गुम है।
खबरें और भी
पढ़ाई के साथ संगीत का शौकीन था बेटा
वह बताते हैं कि बेटा पढ़ाई के साथ संगीत का बेहद शौकीन था। ढोलक वादन में गहरी रुचि थी। घर में किसी भी खुशी के मौके पर उसकी ढोलक की थाप गूंजती थी। मुहल्ले में भी वह अपने संगीत के लिए जाना जाता था।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि ढोलक को सुरक्षित रखवाया गया है। जल्द ही पिता के सिपुर्द कर दी जाएगी। यश की तलाश में टीमें जुटी हुई हैं।
यह भी पढ़ें- मथुरा नाव हादसा: मृतकों की संख्या 14 हुई, दो लापता श्रद्धालुओं की तलाश में जांच तेज
यह भी पढ़ें- मथुरा नाव हादसा: राधे-राधे की भक्ति में डूबे थे पंजाब के श्रद्धालु, तभी एक पल में मचने लगी चीख-पुकार