'अग्निवीर योजना समाप्त कर सपा करेगी सीधी भर्ती', मऊ में बोले सांसद धर्मेंद्र यादव
सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में सपा सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त कर युवाओं को पूर्व की भांति स्थाई रूप से भर्ती किया जाएगा। उन्हो ...और पढ़ें

अग्निवीर योजना समाप्त कर सपा करेगी सीधी भर्ती: धर्मेंद्र यादव।
HighLights
केंद्र में सपा सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त होगी।
युवाओं को सेना में पूर्व की भांति स्थाई भर्ती मिलेगी।
यह घोषणा ब्रिगेडियर उस्मान की पुण्यतिथि पर की गई।
जागरण संवाददाता घोसी (मऊ)। समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि केंद्र में समाजवादी पार्टी की सरकार बनते ही सेना के तीनों अंगों में अग्निवीर योजना को समाप्त कर दिया जाएगा। इसके स्थान पर युवाओं को पूर्व की भांति स्थाई रूप से भर्ती किया जाएगा।
वह तहसील अंतर्गत सुल्तानपुर क्षेत्र के बीबीपुर में शुक्रवार को नौशेरा के शेर शहीद ब्रिगेडियर उस्मान की 78वीं पुण्यतिथि समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे।
सांसद ने कहा कि ब्रिगेडियर उस्मान से प्रेरणा लेकर भारत के वीर सैनिक एक क्या दर्जनों युद्ध लड़ सकते हैं। भारत के वीर सैनिकों की ही देन है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित हैं।
रेजांगला संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि भारत के वीर सैनिकों ने अपनी जान की कुर्बानी हंसते हंसते दी जिसका जीता जागता सबूत है कि किसी भी सैनिक के पीठ पर गोली नहीं थी।
सबने सीने पर गोली खाई थी। वक्ताओं ने ब्रिगेडियर उस्मान को एक सच्चा देशभक्त बताया और उनके पदचिन्हों का अनुसरण करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कहा कि दुनिया में भारतीय सेना सबसे बहादुर है और देश की सुरक्षा के लिए हमेशा समर्पित रहती है।
युवाओं को रोजगार देकर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने की जरूरत है। गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने कहा कि ब्रिगेडियर उस्मान सच्चे राष्ट्रभक्त थे।
विभाजन के समय पाकिस्तान की ओर से सेना प्रमुख बनने का प्रस्ताव मिलने के बावजूद उन्होंने उसे ठुकराकर भारत माता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उन्होंने कहा कि जन्मभूमि से बड़ा कोई देश नहीं होता।
श्रद्धांजलि सभा को बलिया के सांसद सनातन पाण्डेय, सदर विधायक अब्बास अंसारी, उमर अंसारी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सलेमपुर सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, एमएलसी शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुजीत कुमार सिंह, बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल, विधायक राजेन्द्र कुमार, विधायक नफीस अहमद, विधायक सोहैब उर्फ मन्नू अंसारी,जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव आदि उपस्थित थे।