Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Ganga Expressway पर यात्रा है शानदार अनुभव, यात्री बोले- ऐसा सफर आज तक नहीं किया

    By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sat, 02 May 2026 11:45 AM (IST)

    गंगा एक्सप्रेसवे पर पहले 24 घंटों में 7800 से अधिक वाहनों ने यात्रा की। इस पर यात्रा से लोग खुश है। ...और पढ़ें

    गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के दौरान यात्री।

    गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा के दौरान यात्री।  

    HighLights

    1. तेजी से बढ़ रही है गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले वाहनों की संख्या।

    2. आसपास के शहरों के लिए भी गंगा एक्सप्रेसवे से यात्रा कर रहे लोग

    जागरण संवाददाता, मेरठ। गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पहले 24 घंटे में कुल 7800 वाहनों ने इस मार्ग पर यात्रा की। इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा का लोगों का अनुभव अलग ही है।

    शुक्रवार को विभिन्न शहरों से सफर करके मेरठ पहुंचे वाहनों में सवार लोगों का कहना था कि गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करके मजा आ गया। वहीं एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए संभल के पास बनाए गए रेस्ट एरिया में पेट्रोल, डीजल के साथ साथ, फूड प्लाजा और टायलेट ब्लाक की सुविधा शुरू हो गई है। हसनपुर के पास भी रेस्ट एरिया पर तैयारियां युद्धस्तर पर की जा रही हैं।

    बुधवार 29 अप्रैल की रात 12 बजे से शुरू किया गए गंगा एक्सप्रेसवे पर पहले 24 घंटे में कुल 7800 वाहन गुजरे। इनमें सात हजार के आसपास कार और मध्यम वाहन थे। भारी वाहनों की संख्या कम ही रही। लेकिन दूसरे दिन शुक्रवार को इस मार्ग पर वाहनों की संख्या खासी रही। माना जा रहा है कि दूसरे दिन यह संख्या पहले दिन की संख्या से दोगुना से भी ज्यादा होगी।

    दो में से एक रेस्ट एरिया शुरू, दूसरे में भी सुविधाएं जल्द मिलेंगी

    गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ से बदायूं तक के 130 किमी के भाग में किमी 74 पर हसनपुर के पास पहला और किमी 125 पर संभल के पास दूसरा रेस्ट एरिया बनाया गया है। किमी 125 वाले रेस्ट एरिया में यात्रियों को पेट्रोल, डीजल के साथ टायलेट ब्लाक और फूड प्लाजा की सुविधाएं मिलने लगी हैं। शुक्रवार को इस फूड प्लाजा पर रुकने वाले यात्रियों की संख्या खासी होने का दावा किया गया। वहीं हसनपुर के पास रेस्ट एरिया पर भी तैयारियां तेजी से की जा रही है। संचालन कर्ता एजेंसी आइआरबी इंफ्रा के अधिकारियों का दावा है कि शनिवार से यह रेस्ट एरिया भी काम करने लगेगा।

    खबरें और भी

    सिंभावली से 20 मिनट में खरखौदा पहुंच गए बंटी कुमार

    खरखौदा के रहने वाले बंटी कुमार का गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने का सपना था। उसे पूरा करने के लिए वे शुक्रवार को निकले और सिंभावली तक की यात्रा पूरी करके वापस आए। उन्होंने बताया कि सिंभावली से खरखौदा पहुंचने में उन्हें मात्र 20 मिनट लगे। जबकि पुराने रास्ते से सिंभावली जाना मुसीबतों भरा सफर होता था। यह नया रास्ता भी ऐसा है कि एक भी उछाल नहीं आया।

    यह भी पढ़ें- Ganga Expressway पर बिना झटके 120 किमी/घंटा की गति से सुरक्षित दौड़ी कार; दैनिक जागरण की दो टीमों ने किया सफर

    ऐसा सफर आज तक नहीं किया

    स्याना के गांव बड्ढा निवासी मनोज चौधरी ने बताया कि वे स्याना से चलकर गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ टोल प्लाजा पर मात्र 40 मिनट में पहुंच गए। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे पर यात्रा करना मजेदार रहा। पता ही नहीं चला कि कब मेरठ आ गया। ऐसा सफर हमने जीवन में अभी तक नहीं किया था।

    यह भी पढ़ें- Delhi-Dehradun Greenfield Highway पर बागपत से सहारनपुर तक हटाए जाएंगे 80 अवैध होर्डिंग, एजेंसियों पर होगा एक्शन

    गंगा एक्सप्रेसवे पर चलकर लगा कि विदेश में सफर कर रहे हैं

    संभल निवासी रवि कुमार शुक्रवार को मेरठ आए थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी 120 किमी की गति से बिना किसी बाधा के दौड़ी। कुछ समय में ही मेरठ आ गया। जबकि पुराने रास्ते से संभल से मेरठ की यात्रा आसान नहीं थी। इस एक्सप्रेसवे पर चलकर ऐसा अहसास हुआ जैसे किसी दूसरे देश की सड़क पर यात्रा कर रहे हों।

    जाम की मुसीबत हुई समाप्त, अब राहत का है सफर

    झड़ीना गांव निवासी पंकज त्यागी खरखौदा नगर पंचायत में कर्मचारी हैं। उन्हें रोजाना गढ़मुक्तेश्वर होते हुए खरखौदा आना और वापस जाना होता है। हापुड़ होते हुए यह सफर जाम से भरा होता था। आज गंगा एक्सप्रेसवे से यह सफर केवल 25 मिनट में पूरा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे वास्तव में इस क्षेत्र की जनता के लिए वरदान साबित होगा।

    यह भी पढ़ें- NDA परीक्षा कितनी कठिन है ? मेरठ में छात्रों ने पूछे ऐसे कई सवाल, लेफ्टिनेंट कर्नल सचिन शर्मा ने दिए जवाब