Delhi-Meerut Expressway और दिल्ली- देहरादून हाईवे पर भारी वाहन बंद, मेरठ शहर व हाईवे के सभी कट बंद किए
Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा के चलते मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहनों का प्रवेश बंद कर दिया गया है। 4 अगस् ...और पढ़ें

मेरठ के दौराला के मटौर कट को लोहे के पाइप लगाकर किया गया बंद। जागरण
HighLights
चार अगस्त से दिल्ली, गढ़, हापुड़ रोड पर वन-वे ट्रैफिक।
कांवड़ पटरी मार्ग पर सभी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः बंद।
इकोनामिक कॉरिडोर व गंगा एक्सप्रेसवे पर सभी वाहनों को संचालन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली-देहरादून हाईवे व दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भारी वाहन बंद कर दिए हैं। हल्के वाहन अभी चलते रहेंगे। चार अगस्त को दिल्ली हाईवे और शहर के अंदर दिल्ली, गढ़ और हापुड़ रोड को वन-वे कर दिया जाएगा। यानि एक साइड में कांवड़िये और दूसरी साइड में दोनों तरफ से वाहनों का संचालन कराया जाएगा।
दिल्ली-देहरादून इकोनोमिक कारिडोर और गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात चलता रहेगा, यहां कांवड़ियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। कांवड़ पटरी मार्ग पर सभी वाहन पूर्णतया प्रतिबंधित कर दिए गए।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दिल्ली रोड, दिल्ली- देहरादून, हापुड़ रोड, रुड़की रोड व गढ़ रोड पर सभी कट बंद कर दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा को लेकर एटीएस और इंटेलीजेंस की टीमें गोपनीय तरीके से जानकारी जुटा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वह कांवड़ यात्रा के दौरान जरूरी हो तभी घर से निकले।
इमरजेंसी सेवाओं के लिए यातायात पुलिस की तरफ से पास जारी किए गए है। कांवड़ पटरी मार्ग पर गाजियाबाद में हादसा होने के बाद जनपद में अलर्ट घोषित कर दिया। कांवड़ पटरी पर भारी और हल्के दोनों ही प्रकार के वाहनों को बंद करा दिया गया।
एसएसपी ने एसपी सिटी के साथ कांवड़ यात्रा सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन में बनाए गए केन्द्रीय कमांड कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- Kanwar Yatra: मेरठ में सिर्फ सोहराब गेट से ही दौड़ेंगी रोडवेज बसें, भैंसाली अड्डे पर Inquiry Window रहेगी चालू
1. दिल्ली-दून इकोनामिक काॅरिडोर पर दिल्ली से सहारनपुर और उत्तराखंड ऐसे जा सकेंगे वाहन :
- दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा की तरफ से एनएच-9 से आने वाले वाहन डासना से पेरीफेरल होते हुए खेकड़ा इंटरचेंज से इकोनामिक कारिडोर पर चढ़कर देहरादून-सहारनपुर की तरफ जा सकेंगे। इसी मार्ग से वापसी होंगे।
- देहरादून, हरिद्वार, रुड़की, मुजफ्फरनगर की ओर से मेरठ-रुड़की हाईवे पर आने वाला यातायात इकोनामिक कारिडोर से मेरठ-करनाल हाईवे पर उतरकर आ सकेगा। इसी मार्ग से वापसी होगी।
- दिल्ली से वजीराबाद पुल आउटर रिंग रोड होते हुए कुंडली, राई (सोनीपत, हरियाणा) से सोनीपत, पानीपत, करनाल, यमुनानगर से होते हुए सहारनपुर एवं उत्तराखंड जा सकेंगे। इसी मार्ग से वापसी होगी।
2. गंगा एक्सप्रेसवे से ऐसे जा सकेंगे वाहन
- गंगा एक्सप्रेसवे से हापुड़, गाजियाबाद, दिल्ली, नोएडा, हरियाणा, बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, हरिद्वार, देहरादून जाने वाले वाहन सिंभावली कट से उतारकर हापुड़-गढ़मुक्तेश्वर मार्ग (एनएच-9) से होते हुए डासना से पेरीफेरल पर चढ़ जाएंगे। खेकड़ा इंटरचेंज से इकोनामिक कारिडोर पर चढ़कर गंतव्य पर जा सकेंगे। गाजियाबाद, दिल्ली और नोएडा जाने वाले एनएच-9 से ही जा सकेंगे।
- गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ, मुजफ्फरनगर, बिजनौर की तरफ जाने वाले वाहन सिंभावली कट से एनएच-9 पर उतरकर ततारपुर हापुड़ से दाहिने मुड़कर डायवर्ट करके हापुड़-मेरठ बाईपास होते हुए टियाला अंडरपास से दाहिने मुड़कर किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर जानसठ से मुजफ्फरनगर, बिजनौर की ओर जा सकेंगे।
- गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ आने वाले वाहन बिजौली (खरखौदा कट) से उतारकर यूटर्न लेकर हापुड़ रोड से मेरठ की ओर आ सकेंगे।
3. मेरठ-रुड़की हाईवे पर ऐसे रहेगा यातायात
- दिल्ली-रुड़की हाईवे पर दिल्ली से आने वाले भारी वाहनों को दुहाई मोड़ पर ईस्टर्न पेरीफेरल पर डायवर्ट किया गया है।
रोडवेज व निजी बस अड्डों की व्यवस्था
- भैंसाली अड्डे का स्थानांतरण सोहराबगेट पर कर दिया गया है। सभी रोडवेज की बसों का संचालन वहीं से होगा। हापुड़ अड्डे की तरफ रोडवेज की बस नहीं आ सकेंगी।
- बागपत रूट पर चलने वाली रोडवेज और निजी बस बापगत बाईपास से चलेंगी, शहर में अंदर प्रवेश नहीं करेंगी।
- बडौत रूट पर जाने वाली रोडवेज और निजी बस रोहटा बाईपास से चलेंगी, शहर में अंदर प्रवेश नहीं करेंगी।
- मवाना, हस्तिनापुर, मीरापुर व बिजनौर के लिए चलने वाली प्राइवेट बसें थाना गंगानगर के सामने से चलेंगी।
- किला परीक्षितगढ़ रोड पर चलने वाली समस्त प्राइवेट बसें बीएनजी स्कूल तिराहा किला रोड से चलेंगी।
- हापुड़ रोड पर हापुड़-बुलंदशहर के लिए चलने वाली प्राइवेट बसें एल-ब्लाक पुलिस चौकी हापुड़ रोड से चलेंगी।
- सरधना व शामली के लिए चलने वाली रोडवेज व प्राइवेट बसें सरधना फ्लाईओवर से चलेंगी।
- अंबाला बस स्टैंड बेगमपुल से चलने वाली निजी बसें थाना गंगानगर के पास से जाएंगी, यह बसें मवाना, बहसुमा, मीरापुर, जानसठ होकर मुजफ्फरनगर-सहारनपुर जा सकेंगी।