UP Census: 22 मई के बाद घर-घर जाएंगे अफसर, मेरठ में तो जनगणना के लिए प्लान हो गया तैयार
मेरठ में जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पांच मास्टर ट्रेनर तैयार किए गए हैं, जो मार्च में 120 अन्य ट्रेनरों को प्रशिक्षित करेंगे। ...और पढ़ें
HighLights
मार्च में 120 ट्रेनर तैयार होंगे, अप्रैल में प्रगणकों को प्रशिक्षण।
मेरठ जिले को जनगणना के लिए 22 जोन में विभाजित किया गया।
22 मई से भवनों की गणना शुरू, ऑनलाइन विवरण भी दर्ज होगा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जनगणना का बिगुल बज गया है। इसके लिए जनपद के पांच लोगों को लखनऊ में प्रशिक्षण देरकर मास्टर ट्रेनर बनाया गया है। अब ये पांच लोग 120 ट्रेनर तैयार करेंगे। जो कि अप्रैल महीने में जनपद में जनगणना का कार्य करने वाले कुल 9371 प्रगणक और उनके सुपरवाईजरों को ट्रेनिंग देंगे।
पहले चरण में 22 मई से 20 जून तक पूरे जिले में भवनों की गणना का कार्य होगा। पूरे जनपद को 22 जोन में बांटा गया है। नगर निगम क्षेत्र को तीन जोन में शामिल किया गया है। नगर निगम ने अपने क्षेत्र के भवनों के ब्लाक बनाने का काम भी शुरू कर दिया है। 180 मकानों का एक ब्लाक निर्धारित करके उनके नक्शे तैयार किए जा रहे हैं।
पांच मास्टर ट्रेनर तैयार, मार्च में प्रशिक्षित होंगे 120 ट्रेनर
लखनऊ में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मेरठ जनपद के लिए पांच मास्टर ट्रेनर को ट्रेनिंग दी गई है। अब ये पांचों मास्टर ट्रेनर जनपद के लिए 120 ट्रेनर को तैयार करेंगे। यह प्रशिक्षण मार्च महीने में होगा।
ये 120 ट्रेनर की पूरे जनपद में जनगणना का कार्य करने वाले प्रगणकों और उनके सुपरवाईजरों को जनगणना का प्रशिक्षण देंगे। जनपद में जनगणना कार्य में कुल 9371 प्रगणक कार्य करेंगे। इनका प्रशिक्षण कार्य अप्रैल महीने में कराने की योजना तैयार की जा रही है।
22 जोन में बांटा जिला, नगर निगम में तीन जोन
जनगणना कार्य के लिए जिले को कुल 22 जोन में बांटा गया है। जिसमें तीनों तहसील को जोन, नगर निगम के तीन जोन, छावनी क्षेत्र को एक जोन तथा जनपद के कुल 15 नगर पालिका और नगर पंचायतों को जोन बनाया गया है। इन सभी जोन में जार्च अधिकारी की तैनाती की जाएगी।
22 मई से शुरू होगी भवनों की गणना
जनगणना का पहला चरण 22 मई से शुरू होगा। जिसमें 20 जून तक जनपद के एक एक भवन की गणना होगी। इसके लिए एक निश्चित संख्या में भवनों को ब्लाक में विभाजित किया जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने अपने क्षेत्र में भवनों के ब्लाक निर्धारित करने का कार्य शुरू करा दिया है। इसके लिए सभी सहायक और अवर अभियंताओं को लगाया गया है। शहरी क्षेत्र में 180 भवनों का ब्लाक बनाकर उनका मानचित्र तैयार कराया जा रहा है।
इस बार खुद आनलाइन गणना का भी मौका
भवनों की गणना और जनगणना के लिए इस बार आनलाइन सुविधा भी सीधे जनता के लिए उपलब्ध कराई गई है। आम जनता के लिए 7 मई से 21 मई तक पोर्टल को खोला जाएगा। जिसमें आम जनता खुद अपने भवनों का विवरण दर्ज कर सकेंगे। 22 मई से सरकार के प्रगणक अपना काम शुरू करेंगे। ऐसी ही सुविधा जनगणना के लिए भी दी जाएगी।
जनगणना के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। अभी ट्रेनिंग और अन्य कार्य कराए जाएंगे। ट्रेनिंग मार्च और अप्रैल में पूरी हो जाएगी। मई से भवनों की गणना का कार्य होगा। -सूर्यकांत त्रिपाठी, एडीएम वित्त एवं नोडल अधिकारी जनगणना