छात्रों के लिए अच्छी खबर! मेरठ काॅलेज में अब होगी बीकाॅम आनर्स की भी पढ़ाई
मेरठ कॉलेज को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीकॉम ऑनर्स पाठ्यक्रम की संबद्धता मिल गई है, जो शैक्षिक सत्र 2026-27 से शुरू होगा। ...और पढ़ें

मेरठ कॉलेज
HighLights
मेरठ कॉलेज को CCSU से बीकॉम ऑनर्स की संबद्धता मिली।
कॉलेज में शैक्षिक सत्र 2026-27 से पाठ्यक्रम होगा शुरू।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ कालेज को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से बीकाम आनर्स पाठ्यक्रम की संबद्धता मिल गई है। यह नया पाठ्यक्रम इसी शैक्षिक सत्र 2026-27 से शुरू हो रहा है।
अब विद्यार्थियों को पारंपरिक बीकाम के साथ-साथ बीकाम आनर्स में अध्ययन करने का भी अवसर मिलेगा। बीकाम आनर्स एक तीन से चार वर्ष का पूर्णकालिक स्नातक पाठ्यक्रम है। इसे विशेष रूप से फाइनेंस, अकाउंटिंग और मैनेजमेंट जैसे विषयों में गहन अध्ययन और व्यावसायिक दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
इस पाठ्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को आधुनिक वाणिज्यिक शिक्षा, वित्तीय विश्लेषण, लेखांकन सिद्धांतों और प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। कालेज में इस पाठ्यक्रम के लिए 60 सीटें निर्धारित की गई हैं। कालेज प्रबंध समिति के सचिव विवेक कुमार गर्ग ने कहा कि मेरठ कालेज का उद्देश्य है कि दिल्ली से भी कम से कम 20% छात्र प्रवेश लें, क्योंकि अब मेरठ व दिल्ली के बीच नमो भारत रैपिड रेल का संचालन होने से लगभग 50 मिनट में दिल्ली से मेरठ पहुंचना संभव हो गया है।
यह भी पढ़ें- UP के स्पोर्ट्स कॉलेजों में एडमिशन शुरू, होनहार खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर, ऐसे करें आवेदन
कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर युद्धवीर सिंह ने कहा कि बीकाम आनर्स पाठ्यक्रम की शुरुआत कालेज की शैक्षणिक प्रगति का एक नया अध्याय है। यह पाठ्यक्रम विद्यार्थियों को वाणिज्य व प्रबंधन के क्षेत्र में गहन ज्ञान प्रदान करेगा और उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। उधर, प्रेस प्रवक्ता प्रो. चंद्रशेखर भारद्वाज का कहना है कि यह कोर्स व्यावसायिक दृष्टि से अत्यंत उपयोगी है।