दो करोड़ House Tax बकाया, मेरठ के DN पॉलीटेक्निक का प्रिंसिपल ऑफिस व बोर्ड रूम सील; माॅल के होटल पर भी हुई कार्रवाई
Meerut News : मेरठ नगर निगम ने डीएन पॉलीटेक्निक का प्रिंसिपल ऑफिस और बोर्ड रूम बकाया गृहकर के कारण सील कर दिया। निगम ने 56 दुकानों को भी सील किया। ...और पढ़ें

डीएन पालीटेक्निक कालेज में गृहकर बकाया जमा नहीं करने पर सील की कार्रवाई करते नगर निगम के अधिकारी l जागरण
HighLights
प्रधानाचार्य ने कहा, गृहकर का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन।
शहर के विभिन्न हिस्सों में 56 दुकानें भी की गईं सील।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नगर निगम का करीब 1.79 करोड़ बकाया गृहकर जमा न करने पर निगम की टीम ने मंगलवार को डीएन पालीटेक्निक परतापुर में प्रिंसिपल आफिस एवं बोर्ड रूम को सील कर दिया। सील करने से संस्थान में अफरातफरी मच गई। छात्र-छात्राएं भी कक्षाओं से बाहर आ गए।
निगम अधिकारियों ने प्रधानाचार्य से कहा कि कुल बकाया का 50 प्रतिशत जमा करने के बाद ही सील खोली जाएगी। निगम की टीम सुबह करीब 10.30 बजे मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम के नेतृत्व में डीएन पालीटेक्निक परतापुर पहुंची। उन्होंने गृहकर का एक करोड़ 79 लाख 19 हजार रुपये बकाया जमा कराने को कहा। 26 लाख रुपये वर्तमान वर्ष का बकाया है। यानी लगभग दो करोड़ रुपये बकाया है।
प्रधानाचार्य अर्चना गोयल ने निगम अधिकारियों को बताया कि गृहकर का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट का जो आदेश होगा, वह माना जाएगा। उनका तर्क था कि कोर्ट में मामला होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। प्रधानाचार्य के तर्क को न मानते हुए निगम की टीम ने प्रिंसिपल आफिस व बोर्ड रूम को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद प्रधानाचार्य ने अपर आयुक्त अमित कुमार से मुलाकात की।
प्रधानाचार्य बोलीं, निगम की कार्रवाई अनुचित
प्रधानाचार्य अर्चना गोयल का कहना है कि नगर निगम द्वारा इस तरह कालेज का प्रिंसिपल आफिस और बोर्ड रूम को सील करना अनुचित है, क्योंकि डीएन पालीटेक्निक सहायता प्राप्त संस्था है। सरकार के अनुदेश के क्रम में तीन वर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम इंटर के समतुल्य है। यह टैक्स छूट के तहत आता है।
खबरें और भी
इसी संदर्भ में मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। बोर्ड रूम में सेशनल परीक्षाओं के प्रश्नपत्र रखे जाते हैं। अप्रैल के अंत में मुख्य सेमेस्टर परीक्षा होनी हैं, जिससे पूरे सेमेस्टर की परीक्षा प्रभावित हो सकती हैं। पूरे शिक्षण संस्थान का इंटरनेट कनेक्विटी का सेंटर भी बोर्ड रूम में ही है।
सभी कार्य होंगे बाधित
निगम की सील की कार्रवाई से पूरे शिक्षण संस्थान का इंटरनेट बंद हो जाएगा। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होगी व सभी कार्य बाधित होंगे। आफिस सील होने से किसी की भी मार्कशीट, टीसी एवं अन्य दस्तावेज जारी नहीं हो सकेंगे। निगम से संबंधित फाइलें भी बंद हो गई हैं। इस कारण कालेज को अपना पक्ष रखने में भी अब समस्या आएगी।
यह भी पढ़ें- मेरठ में आवारा कुत्तों से हैं परेशान तो इस हेल्पलाइन नंबर पर दें सूचना, पकड़ने पहुंचेगी टीम
मिलांज माॅल के आइसलैंड होटल समेत 56 दुकानें सील
नगर निगम के अभियान के तहत मिलांज माॅल स्थित आइसलैंड होटल को सील किया गया। इस पर तीन करोड़ 19 लाख बकाया है। वहीं शहर के विभिन्न हिस्सों में 56 दुकानें सील की गईं। सीलिंग की कार्रवाई देखकर कुछ दुकानदारों ने मौके पर रसीद कटवाकर नकद गृहकर जमा किया। दो लाख 14 हजार रुपये की वसूली की गई।