मेरठ के व्यस्त चौराहे पर खूंखार कुत्ते के अचानक हमले में कई लोग घायल, गहरे घाव और बहते खून के साथ पहुंचे अस्पताल
Meerut news : मेरठ के हापुड़ अड्डा चौराहे पर एक खूंखार आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर कई लोगों को घायल कर दिया। घायलों को गहरे घाव आए और उन्हें तत्काल ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस ने नगर निगम की टीम बुलाकर कुत्ते को पकड़वाया।
कुत्ते में रेबीज के लक्षण, तीन दिन तक निगरानी में रखा जाएगा ।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर का सबसे व्यस्त चौराहा हापुड़ अड्डा। दोपहर 12 बजे का वक्त था। कोई काम के लिए घर से निकला था तो कोई भगत सिंह मार्केट से खरीदारी के लिए आया था। सबकुछ सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन अगले ही पल जो हुआ, उसने सरकारी दावों और नगर निगम की सक्रियता की पोल खोल कर रख दी। एक खूंखार आवारा कुत्ता अचानक आया और मौजूद भीड़ पर हमला बोल दिया। लोग संभल पाले कि कुत्ता एक के बाद एक लोगों को काटता चला गया। हापुड़ अड्डे से लेकर भगत सिंह मार्केट तक चीख-पुकार मच गई।
खूंखार कुत्ते से लोग खुद को बचाने के लिए दुकानों के अंदर भागे। मौके पर मौजुद पुलिस ने तत्काल डीएम कार्यालय को सूचना दी। यहां से निगम को पहुंची और आधे घंटे में निगम की टीम बुलाकर कुत्ते को पकड़वाया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। पांच लोगों ने तत्काल पीएल शर्मा जिला अस्पताल जाकर एंटी रेबीज सीरम इंजेक्शन लगवाए। भगत सिंह मार्केट के आक्रोशित दुकानदारों का दावा है कि खूंखार कुत्ते ने पांच से ज्यादा लोगों को काटा है। सूरजकुंड मोड़ की तरफ से यह कुत्ता लोगों को काटते हुए आया था।
यह भी पढ़ें- VIDEO: बिजनौर में स्कूल जाने को तैयार हुई छह साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला
पैरों में गहरे घाव, बह रहा था खून
पीएल शर्मा जिला अस्पताल में एंटी रेबीज यूनिट पहुंचे लोगों में कुत्ते काटने की दहशत इस कदर थी कि वह कुछ भी सही से बता नहीं पा रहे थे। हापुड़ अड्डे पर किसान हार्डवेयर स्टोर के दुकानदार सारिक ग्राहक को सामान देने के बाद 500 रुपये के छुट्टे लेने के लिए दुकान से बाहर निकल कर सड़क पर आए थे। वह बताते हैं कि पीछे से कुत्ते ने उनका पैर दबोच लिया। दांत घुसते ही जोर से दर्द हुआ और चीख पड़े। जब तक मुड़कर देखते कि कुछ ही दूरी पर खड़ी आस्मा को भी कुत्ते ने काट लिया। हापुड़ अड्डे पर ही खड़े अशोक कुमार, अब्दुल कयूम, और इकबाल को भी कुत्ते ने काट लिया। जिला अस्पताल में पीड़ित पैरों से बहता खून और गहरे घाव के साथ पहुंचे।
नया कमेला स्थित एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर के पशु चिकित्सक डा. नवीन कसाना ने बताया कि कुत्ते के लक्षण प्रथम दृष्टया रेबीज संक्रमित वाले लग रहे हैं। हालांकि अत्यधिक गर्मी की वजह से भी कुत्ते कभी-कभी आक्रामक हो जाते हैं। इसे दो से तीन दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। इसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। गर्मी में प्यास बढ़ जाती है और पीने के लिए पानी नहीं मिलता है तो कुत्ते काटने को दौड़ते हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यह बात भी समझनी जरूरी है। एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर में दो महीने में करीब 3000 कुत्तों का बंध्याकरण किया गया है। 24 आक्रामक कुत्ते सेंटर में पकड़कर रखे गए हैं।