चुनार गंगा पुल पर फिल्म शूटिंग से लगा भीषण जाम, घंटों फंसे रहे हजारों यात्री
चुनार गंगा पुल पर फिल्म शूटिंग के कारण शुक्रवार सुबह भीषण जाम लग गया, जिससे हजारों यात्री घंटों फंसे रहे और उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। या ...और पढ़ें

चुनार गंगा पुल पर फिल्म शूटिंग से लगा भीषण जाम।
HighLights
चुनार गंगा पुल पर फिल्म शूटिंग से लगा भीषण जाम।
हजारों राहगीर और वाहन घंटों तक फंसे रहे, भारी परेशानी।
प्रशासनिक अनुमति के बावजूद यातायात व्यवस्था पर सवाल उठे।
जागरण संवाददाता, चुनार (मीरजापुर)। स्थानीय गंगा पुल पर शुक्रवार की सुबह फिल्म की शूटिंग के दौरान कुछ समय के लिए यातायात रोक दिए जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण हजारों राहगीर और सैकड़ों वाहन घंटों तक फंसे रहे।
इसके कारण स्कूल कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों व कार्यालय तहसील जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चार पहिया, दोपहिया और मालवाहक वाहनों के साथ आवश्यक सेवाओं के वाहन भी रेंगते नजर आए।
चुनार पुल पर प्रख्यात अभिनेता संजय मिश्रा अभीनीत फिल्म की शूटिंग सुबह की जा रही थी। जिसके कारण लगे जाम के चलते पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कईयों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी विलंब हुआ।
उमस भरे मौसम में छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक दिक्कत झेलनी पड़ी। जाम में फंसे लोगों ने सवाल उठाया कि जब फिल्म की शूटिंग के लिए पहले से अनुमति दी गई थी तो यातायात के लिए प्रभावी व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
लोगों का कहना था कि कुछ समय के लिए यातायात रोकने से भी पुल पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ गया और देखते ही देखते लंबा जाम लग गया। कोतवाल विजय शंकर सिंह पटेल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए प्रोडक्शन टीम ने प्रशासनिक स्तर से अनुमति प्राप्त की थी।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर 10 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। शूटिंग के दौरान कुछ देर के लिए दोनों ओर वाहनों को रोका गया था, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। बाद में पुलिसकर्मियों ने यातायात को सुचारु कराकर वाहनों की आवाजाही सामान्य करा दी।