मीरजापुर में वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार, बहू और ससुर की मौत
मीरजापुर में वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर खड़े ट्रक से कार टकराने से बहू और कैंसर पीड़ित ससुर की मौत हो गई। ...और पढ़ें

कछवां थाना के राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव ) के पास सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन
HighLights
मीरजापुर में कार-ट्रक टक्कर में बहू-ससुर की दुखद मौत।
वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर कटका गोदाम के पास हादसा।
अवैध पार्किंग, पुलिस बूथ की स्थायी निगरानी की मांग।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कटका गोदाम (पड़ाव) के समीप शुक्रवार की शाम ट्रक से कार के टकरा जाने से वाराणसी से इलाज कराकर घर लौट रहे प्रतापगढ़ निवासी बहू व कैंसर पीड़ित ससुर की मौत हो गई। वहीं कार चला रहा पुत्र घायल हो गया।
प्रतापगढ़ के चिलबिला निवासी शिवम अग्रवाल अपनी पत्नी प्रगति खंडेलवाल के साथ कैंसर पीड़ित पिता प्रभात अग्रवाल को वाराणसी इलाज के लिए लेकर गए थे। इलाज के बाद तीनों स्विफ्ट कार से वापस घर लौट रहे थे। कटका गोदाम के पास राजमार्ग किनारे पहले से खड़े ट्रक में उनकी कार पीछे से जाकर टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि अगली सीट पर बैठी प्रगति खंडेलवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक औराई राजेश कुमार और कछवां थानाध्यक्ष अमरजीत चौहान पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसी प्रगति को बाहर निकाला गया।
वहीं पीछे की सीट पर बैठे गंभीर रूप से घायल प्रभात अग्रवाल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई भेजा गया। जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घायल शिवम का उपचार चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सामान्य कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद सड़क किनारे खड़े सभी ट्रकों के चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गए।
खबरें और भी
छह माह पूर्व भी खड़े ट्रक में घुसी कार में चार लोगों की हुई थी मौत
बताया गया कि लगभग छह माह पूर्व भी इसी स्थान पर प्रयागराज से वाराणसी जा रही एक कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई थी। उस हादसे में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। हर बड़ी दुर्घटना के बाद प्रशासन कुछ दिनों तक पेट्रोलिंग कर सड़क किनारे ट्रकों के खड़े होने पर रोक लगाता है, लेकिन समय बीतते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ समय पहले प्रशासन ने यहां नो-पार्किंग का बोर्ड भी लगाया था, लेकिन वर्तमान में घटनास्थल पर वह बोर्ड दिखाई नहीं दे रहा है। लोगों ने राजमार्ग किनारे अवैध रूप से ट्रकों की पार्किंग पर स्थायी रोक लगाने और कटका में स्थायी पुलिस बूथ स्थापित कर नियमित निगरानी की मांग की है।