Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मीरजापुर में सीमेंट लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर टिनशेड में घुसा, पिता-पुत्र की मौत

    Updated: Fri, 31 Jul 2026 01:19 AM (GMT+05:30)

    मीरजापुर में प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर एक सीमेंट लदे कंटेनर ने टिनशेड में सो रहे पिता-पुत्र को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। ...और पढ़ें

    गैपुरा के मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर कलना गहरवार गांव के सामने शिवप्रसाद के घर में घुसा सीमेंट लदा कंटेनर

    गैपुरा के मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर कलना गहरवार गांव के सामने शिवप्रसाद के घर में घुसा सीमेंट लदा कंटेनर

    HighLights

    1. अनियंत्रित कंटेनर टिनशेड में घुसा, पिता-पुत्र की मौत।

    2. हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस कर रही तलाश।

    3. मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने राजमार्ग किया जाम।

    जागरण संवाददाता, मीरजापुर। प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर विंध्याचल थाना क्षेत्र के कलना गहरवार गांव में बुधवार की देररात लगभग ढाई बजे सीमेंट लेकर प्रयागराज की ओर से मीरजापुर की तरफ आ रहा तेज रफ्तार कंटेनर चालक अचानक मोड़ व डिवाइडर सामने आने पर नियंत्रण खो दिया।

    इससे कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मकान के बाहर बने टिनशेड में घुसकर पलट गया। इससे उसमें चारपाई पर सो रहे पिता-पुत्र की दबकर मौत हो गई। घटना के बाद चालक फरार हो गया।

    गुरुवार की सुबह आक्रोशित स्वजन संग ग्रामीणों ने राजमार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण स्वजन को मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे थे। लगभग दो घंटे तक प्रयागराज-मीरजापुर राजमार्ग पर आवागमन ठप रहा। लगभग साढ़े नौ बजे पहुंचे एसडीएम सदर महेंद्र सिंह व सीओ नगर अमित कुमार के समझाने के बाद जाम समाप्त हुआ। इसके बाद वाहनों का आवागमन सुचारू हो सका। पुलिस अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।

    कलना गहरवार निवासी शिव प्रसाद गुप्त पांच भाइयों में बड़े थे। वह गांव में राजमार्ग के किनारे अलग मकान बनाकर रहते हुए वहीं कबाड़ का कारोबार करते थे। बुधवार रात भोजन करने के बाद मकान के बाहर बने टिनशेड में शिव प्रसाद अपने इकलौते पुत्र राहुल गुप्त के साथ अलग-अलग चारपाई पर सो गए।

    लगभग ढाई बजे मीरजापुर की ओर आ रहा सीमेंट लदा कंटेनर अनियंत्रित होकर टिनशेड में सो रहे पिता-पुत्र की कुचलते हुए पड़ोस के विनोद यादव तथा लालचंद के बरामदे से टकराकर उसे क्षतिग्रस्त करते हुए बालू के ढेर पर जाकर पलट गया। हादसे के समय मकान के अंदर शिव प्रसाद की पत्नी संजू देवी व पुत्री दिव्या सो रही थीं।

    खबरें और भी

    तेज आवाज सुनकर जब वह बाहर निकलीं तो स्थिति देख चीख पड़ी। शिव प्रसाद गुप्त कंटेनर की चपेट में आकर घिसटते हुए पड़ोसी के मकान के सामने दबे पड़े थे। उनकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल राहुल को स्वजन तत्काल पीएचसी विजयपुर सर्रोई ले गए।

    स्वजन का आरोप है कि रात का समय होने के चलते चिकित्सक व एंबुलेंस के समय पर न मिलने के चलते राहुल ने भी दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों के शव को गैपुरा चौकी ले गई। हादसे की खबर लगते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

    यह भी पढ़ें- मीरजापुर में आठ लाख की लागत से बना रपटा अधूरा, शिलापट्ट लगाकर दिखाया पूरा

    सुबह करीब साढ़े सात बजे स्वजन व ग्रामीणों ने राजमार्ग को जाम कर मुआवजे की मांग शुरू कर दी। सीओ सिटी व एसडीएम कई थानों की पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों के आश्वासन और समझाने पर करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त हुआ। राहुल गुप्त सीडीएस पब्लिक स्कूल भटेवरा में कक्षा छह का छात्र था। पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत से स्वजन बेहाल हैं

    विंध्याचल के कलना गहरवार गांव में बुधवार की रात ढाई बजे एक कंटेनर शिव प्रसाद गुप्त के टिनशेड में अनियंत्रित होकर घुस गया था। इसमें सो रहे पिता-पुत्र की मौत हो गई है। स्वजन की तहरीर पर अज्ञात चालक पर मुकदमा दर्ज किया गया। डिवाइडर से टकराकर घटना होने की बात बताई जा रही है।

                                                            नितेश कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर