मुरादाबाद में गरजे सीएम योगी: 'अब नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा... सपा-कांग्रेस की बाबरी सोच को जनता ने नकारा'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए सपा-कांग्रेस पर 'बाबरी सोच' का आरोप लगाया और यूपी में विकास व राष्ट्रवाद पर जोर ...और पढ़ें

मुरादाबाद में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
HighLights
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जागरण के लाइनपार अभियान को सराहा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। 'सियावर रामचंद्र की जय' और 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी उद्घोष के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद के बुद्धि विहार स्थित गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। अपने चिरपरिचित अंदाज में सीएम योगी ने जहां एक तरफ उत्तर प्रदेश के बदलते स्वरूप और विकास की तस्वीर पेश की, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को 'बाबरी सोच' वाली पार्टियां करार देते हुए उन पर करारा हमला बोला।
'दोपहर 1 बजे सोकर उठने वाले जनता का दर्द क्या जानें'
2017 से पहले की सरकारों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री के पास जनता के लिए फुर्सत ही कहां थी। बड़े घर में पैदा हुए थे। 1 बजे सोकर उठना, 3 बजे तक तैयार होना और फिर दोस्तों की महफिल में बैठ जाना।
जनता के पैसे की फिजूलखर्ची होती थी। जो डीपीआर 100 करोड़ में बननी चाहिए थी, उसे 500 करोड़ का बनाया जाता था और काम आधे से भी कम होता था। उन्होंने नारा देते हुए कहा कि पहले 'देख सपाई, बिटिया घबराई' यूपी की पहचान बन चुकी थी, त्योहारों से पहले दंगे और कर्फ्यू का साया रहता था।
तुष्टिकरण बनाम राष्ट्रवाद: 'पहले पैसा कब्रिस्तान में जाता था, अब मंदिरों में'
विपक्ष की मानसिकता पर प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा की सोच 'बाबरी सोच' है, जो केवल विध्वंस करना जानती है। उन्होंने कहा कि पहले जनता की कमाई का पैसा कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल के लिए जाता था।
खबरें और भी
आज वही पैसा मंदिरों को 'राम वाटिका' का सुंदर स्वरूप देने, संविधान वाटिका बनाने और सेना के शौर्य को सम्मानित करने में लग रहा है। पिछली सरकारों की सोच तुष्टिकरण की थी, लेकिन हमारी सोच राष्ट्रवाद की है। अब यूपी में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा... यूपी में सब चंगा' का माहौल है।
संभल और अयोध्या का जिक्र: 'सपा मुखिया को करना होगा सार्वजनिक पश्चाताप'
मुख्यमंत्री ने इतिहास के पन्नों को पलटते हुए संभल के हरिहर मंदिर की त्रासदी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 500 साल पहले 'बाबरी सोच' के कारण स्थानीय लोगों को प्रताड़ित किया गया, लेकिन अब कोई हमारे तीर्थों का बाल बांका नहीं कर सकता।
अयोध्या का जिक्र करते हुए उन्होंने सपा पर निशाना साधा और कहा कि आखिरकार सपा मुखिया ने अयोध्या के सत्य को स्वीकार कर ही लिया। लेकिन रामभक्तों पर गोली चलवाने और लाठी-डंडा भांजने के पाप के लिए उन्हें जल्द ही जनता के सामने सार्वजनिक पश्चाताप करना होगा।" इसके साथ ही उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि अयोध्या के बाद अब बारी हमारे बांके बिहारी और कृष्ण कन्हैया की है।
'हमारा परिवार 25 करोड़ की जनता, उनका सिर्फ अपना कुनबा'
सपा, बसपा और कांग्रेस को 'परिवारवादी' बताते हुए योगी ने कहा, "इन पार्टियों के लिए विकास का मतलब सिर्फ अपने परिवार का विकास है। लेकिन हमारे लिए उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोग ही हमारा परिवार हैं।" उन्होंने जनता से अपील की कि अगर मुरादाबाद की विकास की रफ्तार को चार गुना बढ़ाना है, तो कांठ, ठाकुरद्वारा और डिलारी में भी 'कमल' खिलाना होगा, तभी क्षेत्र पर मां लक्ष्मी की पूर्ण कृपा बरसेगी।
एक्सपोर्ट हब मुरादाबाद को मिली बड़ी सौगातें
मुरादाबाद की तारीफ करते हुए सीएम ने कहा कि आज यह 'पीतल नगरी' यूपी के बड़े एक्सपोर्ट हब और अन्नदाताओं के नवाचार के रूप में जानी जा रही है। मुरादाबाद विश्वविद्यालय अब गुरु जंभेश्वर के नाम से अपनी पहचान बना रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं।
उन्होंने लाइनपार का नाम दाऊदयाल खन्ना नगर करने की घोषणा की है। बोले- दाऊदयाल खन्ना ने श्रीराम जन्मभूमि के लिए जीवन समर्पित किया। सीएम योगी ने दैनिक जागरण के अभियान की सराहना की। जागरण ने लाइनपान के नाम परिवर्तन को लेकर 18 जून से 12 अगस्त तक अभियान चलाया था।
इसके अलावा बुद्धि विहार स्थित गांधी मैदान की जनता को सौगात दी। उन्होंने गांधी मैदान को भविष्य में केवल सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए आरक्षित करने के निर्देश अफसरों को दिए, जहां एक शानदार मंच का निर्माण होगा।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, टैक्सपेयर्स को सम्मानित कर लाभार्थियों को सौंपी पक्की छत