जौहर यूनिवर्सिटी के छात्र अब गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में ले सकेंगे एडमिशन, 20 जुलाई से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन
जौहर विश्वविद्यालय के प्रथम सेमेस्टर के छात्रों को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में प्रवेश का अवसर मिलेगा, जिसके लिए 20 जुलाई से विशेष पंजीकरण शुरू हों ...और पढ़ें

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय
HighLights
प्रथम सेमेस्टर के अलावा अन्य सेमेस्टर के छात्रों के हस्तांतरण पर एडमिशन काउंसिलिंग लेगी निर्णय
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जौहर विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश ले चुके छात्रों के लिए राहत की खबर है। अब इन छात्रों को गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में प्रवेश लेने का अवसर मिलेगा। इसके लिए 20 जुलाई से विशेष रूप से पंजीयन खोले जाएंगे। जीजेयू में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 15 जुलाई को समाप्त हो चुकी है और अब सीट लाक करने की प्रक्रिया महाविद्यालयों में चल रही है। इसके बावजूद जौहर विश्वविद्यालय के छात्रों का भविष्य देखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है।
रामपुर के जिलाधिकारी ने छात्रों के भविष्य को देखते हुए गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन माहेश्वरी से अनुरोध किया था। इस पर कुलपति ने जौहर विश्वविद्यालय के स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश ले चुके छात्रों के लिए 20 जुलाई से विशेष पंजीयन खोलने का निर्णय लिया है। इन छात्रों को जीजेयू से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश लेने का अवसर दिया जाएगा।
जौहर विश्वविद्यालय बंद होने की स्थिति में वहां प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश ले चुके छात्रों की फीस वापस कराने की प्रक्रिया रामपुर प्रशासन कराएगा। लेकिन, जौहर विवि के छात्र गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में निर्धारित पंजीयन और प्रवेश शुल्क जमा कर संबद्ध महाविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे। इससे जौहर विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले छात्रों को अपनी पढ़ाई जारी रखने का रास्ता मिल सकेगा।
जौहर विश्वविद्यालय में प्रथम सेमेस्टर के अलावा द्वितीय, तृतीय या अन्य सेमेस्टर में पढ़ने वाले छात्रों का भविष्य भी संकट में है। इनमें कई छात्र जौहर विश्वविद्यालय से पिछली परीक्षाएं दे चुके हैं। ऐसे छात्रों के हस्तांतरण की प्रक्रिया को लेकर अभी निर्णय लिया जाना बाकी है।
खबरें और भी
जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को अवैध घोषित किया गया है। इन्हें ध्वस्त किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। आरडीए ने विश्वविद्यालय प्रबंधन को भवनों को तोड़ने के लिए 20 दिन की मोहलत दी है। इसी के चलते विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे थे।
जौहर विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश ले चुके छात्र गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में प्रवेश ले सकेंगे। इनके लिए 20 जुलाई से विशेष पंजीयन खोले जाएंगे। द्वितीय, तृतीय और अन्य सेमेस्टर के छात्रों के हस्तांतरण की प्रक्रिया पर एडमिशन काउंसिलिंग निर्णय लेगी।
- प्रो. सचिन माहेश्वरी, कुलपति, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय