Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    2 किमी तक उड़ाया ड्रोन, फिर भी चकमा दे गया आदमखोर तेंदुआ; कुत्ते का शिकार कर गांवों में फैलाई दहशत

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 11:11 PM (IST)

    वन विभाग की तमाम कोशिशों के बावजूद आदमखोर तेंदुआ ड्रोन की पकड़ में नहीं आया, जिससे ग्रामीणों में दहशत बढ़ गई है। तेंदुआ ने एक महिला को निवाला बनाया, प ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक इमेज

    प्रतीकात्‍मक इमेज

    HighLights

    1. सहसपुरी में किसान का पालतू कुत्ता उठा ले गया तेंदुआ, कई गांवों में पिंजरे लगाए

    संवाद सूत्र, ठाकुरद्वारा (मुरादाबाद)। लालापुर पीपलसाना में महिला संतोष देवी को निवाला बनाने वाले आदमखोर तेंदुए की तलाश में वन विभाग का अभियान लगातार जारी है, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद सफलता हाथ नहीं लग सकी है। करीब दो किलोमीटर तक शुक्रवार को अत्याधुनिक ड्रोन से निगरानी की गई, लेकिन तेंदुआ कैमरे की पकड़ में नहीं आया। इससे वन विभाग की चिंता और क्षेत्र के ग्रामीणों की दहशत दोनों बढ़ गई हैं।

    आदमखोर तेंदुए के आतंक का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले रायभूड़, मलकपुर सैमली, चांदपुरा और गुलरिया गांवों में तेंदुए के हमलों में पांच लोग घायल हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं से किसान खेतों में जाने, पशुओं के लिए चारा लाने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर भयभीत हैं।

    गुरुवार रात सहसपुरी निवासी कमल कुमार का पालतू कुत्ता घर के बाहर बैठा था। इसी दौरान गन्ने के खेतों की ओर से आए तेंदुए ने झपट्टा मारकर उसे उठा लिया और खेतों में गायब हो गया। ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन तेंदुआ हाथ नहीं आया।

    इसी रात सहसपुरी निवासी धर्मपाल सिंह जब माजरा गांव से अपने गांव लौट रहे थे, तब शिव मंदिर के पास उन्हें दीवार पर बैठा तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, करनावाला खालसा निवासी मुकेश कुमार बाइक से घर लौट रहे थे।

    खबरें और भी

    शरीफनगर रोड पर गांव के निकट उन्हें भी तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने तेजी से बाइक निकालकर ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। हालांकि तब तक तेंदुआ जंगल की ओर निकल चुका था।

    लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन विभाग ने सहसपुरी, मलकपुर सैमली और बलिया क्षेत्र में पिंजरे लगाने के साथ अन्य स्थानों पर भी निगरानी बढ़ा दी है। मुख्य सड़कों और कांवड़ मार्गों पर चेतावनी बोर्ड लगाकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

    ठाकुरद्वारा-फैजुल्लागंज, ठाकुरद्वारा-शरीफनगर, सूरजननगर, लालावाला पीपलसाना-डिलारी मार्ग तथा रतूपुरा-सहसपुरी-किशनपुर गावड़ी मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वन क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वन विभाग की टीमें दिन-रात तेंदुए की तलाश में जुटी हैं।

    ड्रोन, ट्रैकिंग और पिंजरों की मदद से उसकी लोकेशन तलाशने का प्रयास किया जा रहा है। चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सत्येंद्र बालियान ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक आदमखोर तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक उनका सामान्य जीवन पटरी पर लौटना मुश्किल है।

    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात: गन्ने के खेत से अचानक निकला तेंदुआ और ले ली महिला की जान