मुरादाबाद मर्डर केस: मां के बाद बेटे का कत्ल, कातिल ने जो एक जैसी गलती की... उसी से खुला खौफनाक राज
मुरादाबाद में मां-बेटे की हत्या का खुलासा समान पैटर्न से हुआ, जिसमें दोनों के चेहरे जलाने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने देवर समेत तीन संदिग्धों को ह ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक चित्र
HighLights
मां के शव से 500 मीटर दूरी पर बेटे का शव, देवर समेत तीन हिरासत में
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पहले महिला, ठीक अगले ही दिन बालक का शव। दोनों घटनास्थल की दूरी पांच सौ मीटर। दोनों के गले पर वार। एक का गला रेता तो दूसरे का दबाया। फिर पहचान छिपाने को चेहरा जलाया। महिला का चेहरा जल गया जबकि बालक का उससे कम जला। ऐसे में इन समान तथ्यों से पुलिस को दोहरे हत्याकांड की थ्योरी जोड़ने में वक्त न लगा।
चेहरा कम जला होने के पहले बेटे की पहचान हुई, फिर मां की और खुल गई हत्याकांड की पूरी कहानी। जमीन विवाद और प्रेम-प्रसंग की कहानी के बीच पुलिस जांच कर रही है। देवर समेत पकड़े गए तीन संदिग्धों ने करीब-करीब कहानी भी स्वीकार कर ली है। पति फरार है। ऐसे में उसके भी घटना में शामिल होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
पाकबड़ा के गांव मोढ़ा तैय्या के खेत में बुधवार की सुबह महिला का शव मिला था। महिला की गला रेतकर हत्या की गई थी। पहचान मिटाने को उसका चेहरा जला दिया गया था। जिस स्थान पर महिला का शव मिला था, वहां किसी अनजान व्यक्ति के पहुंचने की संभावना बहुत कम थी। दूसरा जिस अवस्था में महिला का शव था।
उससे साफ था कि महिला किसी परिचित के साथ ही वहां तक पहुंची। ऐसे में पहले ही दिन साफ हो गया था कि भरोसे का कत्ल किया गया। पुलिस महिला की पहचान कराने में जुटी थी कि अगले ही दिन गुरुवार को बालक का शव घटनास्थल से पांच सौ मीटर दूर गांव मोढ़ा तैय्या क्षेत्र में ही प्रदीप के खेत में बालक का शव मिला। उसका चेहरा भी जला था। गर्दन पर निशान थे।
खबरें और भी
यहीं से पुलिस की कहानी आगे बढ़ी। पहचान कराने पर पता चला कि बालक अंकुश मोढ़ा तैय्या के ही रहने वाले जसराम सैनी का बेटा है। महिला की पहचान सीमा पत्नी जसराम सैनी के रूप में हुई। एसएसपी सतपाल अंतिल, एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह व सीओ वरुण कुमार के साथ मौके पर पहुंचे। जांच आगे बढ़ी।
पुलिस घर पहुंची तब पति गायब मिला। देवर भी विरोधीभासी बयान देने लगा। तभी वह संदेह के घेरे में आया। पूछताछ में बताया कि जसराम की करीब 15 साल पहले शादी गोरखपुर निवासी सीमा से हुई थी।
दो साल पहले जसराम ने एक बीघा जमीन बेची थी। जिसके बाद सीमा का पति और देवर से विवाद हो गया था। विवाद के बाद सीमा बेटे अंकुश के साथ शेरुआ चौराहे पर किराये का मकान लेकर रहने लगी थी। प्रेम-प्रसंग की कहानी भी बताई। पुलिस हत्या की कड़ियां जोड़ने में लगी है। कहानी भी करीब-करीब साफ हो गई है। शुक्रवार को पुलिस हत्याकांड का सिलसिलेवार राजफाश करेगी।