आधी रात को किसान पर झपटा तेंदुआ, 4 घंटे पेयजल टैंक पर बैठकर घूरते रहे 2 खूंखार चीते! मची दहशत
मुरादाबाद के लालापुर पीपलसाना गांव में एक किसान पर तेंदुए ने हमला किया, जो चार दिन में तीसरी घटना है। दो तेंदुए घंटों पेयजल टैंक पर बैठे रहे, जिससे ग् ...और पढ़ें

तेंदुए के हमले से घायल सुरेंद्र से घटना की जानकारी करते एसडीएम व सीओ।जागरण
HighLights
सुरेंद्र सिंह पर झपट्टा मारने के बाद पेयजल टैंक की दीवार पर घंटों बैठे रहे दो तेंदुए
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के लालापुर पीपलसाना गांव में तेंदुए का आतंक बढ़ता जा रहा है। चार दिन पहले संतोष देवी की जान लेने वाले तेंदुए के कारण बुधवार आधी रात को एक और बड़ी घटना होते-होते टल गई। शौच के लिए कमरे से निकले सुरेंद्र सिंह के घर में तेंदुआ घुस आया और उन पर झपट्टा मार दिया। कमरे के भीतर भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण पूरी रात लाठी-डंडों के सहारे पहरा देते रहे।
बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे सुरेंद्र सिंह शौच के लिए कमरे से बाहर निकले। आंगन में हलचल महसूस होने पर उन्होंने टार्च जलाई तो सामने दो तेंदुए खड़े थे। घबराकर वह कमरे की ओर भागे। इसी दौरान एक तेंदुए ने उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह कमरे के भीतर पहुंच गए। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
स्वजन ने ग्रामीणों को फोन किया। शोर सुनते ही लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों तेंदुए पेयजल टैंक की ओर भाग गए। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों तेंदुए सुरेंद्र सिंह के घर के सामने बने पेयजल टैंक की दीवार पर जाकर बैठ गए और गुरुवार तड़के करीब सवा चार बजे तक वहीं डटे रहे। ग्रामीणों ने उनका वीडियो भी बना लिया।
गांव में महिलाएं और बच्चे पूरी रात घरों में दुबके रहे, जबकि पुरुष हाथों में लाठी-डंडे लेकर गलियों में निगरानी करते रहे। ग्रामीण कुलदीप सिंह ने बताया कि रात में कई बार वन विभाग को सूचना दी गई, लेकिन मौके पर कोई नहीं पहुंचा। जबकि विभाग के चार कर्मचारी पास स्थित विश्नोई धर्मशाला में मौजूद थे, फिर भी तत्काल कार्रवाई नहीं की गई।
खबरें और भी
टीम मौके पर पहुंच जाती तो तेंदुए पकड़े जा सकते थे क्योंकि दीवार पर तेंदुए पौने चार घंटे तक बैठे रहे। प्रशासन ने घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए सक्रियता बढ़ाई है। एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह और सीओ आशीष प्रताप सिंह ने लालापुर पीपलसाना, मलकपुर सेमली और पिपली अहीर गांवों का दौरा कर ग्रामीणों को जल्द तेंदुए पकड़े जाने का भरोसा दिलाया।
साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने और राजस्व कर्मियों को भी निगरानी में शामिल करने के निर्देश दिए। आगरा से एसओएस वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम खादर के जंगल में पहुंच गई है।
विशेषज्ञ टीम ट्रैंक्यूलाइजिंग डार्ट गन के साथ खादर क्षेत्र के जंगलों में अभियान चला रही है। डीएफओ डाॅ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि आगरा से एक्सपर्ट की टीम पहुंच चुकी है। तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जल्द तेंदुआ पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।