Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'नौकरी और मुआवजा दो, वरना...' मुरादाबाद में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद भड़का गुस्सा, नदी किनारे शव रख किया हंगामा

    Updated: Tue, 04 Aug 2026 03:17 PM (IST)

    मुरादाबाद में तेंदुए के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने शव को रामगंगा नदी किनारे रखकर प्रदर्शन किया। वे परिवार के लिए मुआवजे, सरकारी नौकरी औ ...और पढ़ें

    मांगों को लेकर प्रदर्शन करते लोग

    मांगों को लेकर प्रदर्शन करते लोग

    HighLights

    1. ग्रामीण बोले, नौकरी और मुआवजा दिए जाने के आश्वासन के बाद ही होगा अंतिम संस्कार

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के गांव लालापुर पीपलसाना में तेंदुए के हमले में जान गंवाने वाली संतोष देवी का शव मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा तो स्वजन और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीण शव को रामगंगा नदी किनारे ले गए और अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया।

    उनका कहना था कि जब तक प्रशासन उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं देगा, तब तक संतोष देवी का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने मांग रखी कि मृतका के परिवार को पर्याप्त आर्थिक मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी मिले और क्षेत्र में दहशत का कारण बने तेंदुए को जल्द पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाया जाए।

    उनका आरोप था कि लंबे समय से इलाके में तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण एक महिला की जान चली गई। प्रशासन, पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और शासन स्तर पर हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।

    अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार अभियान चला रही है और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं। इसके बावजूद ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उनका कहना था कि केवल मौखिक आश्वासन से काम नहीं चलेगा।

    खबरें और भी

    अब मुआवजा और नौकरी के संबंध में स्पष्ट एवं ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस दौरान रामगंगा नदी किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने के प्रयास में जुटे रहे।

    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात: गन्ने के खेत से अचानक निकला तेंदुआ और ले ली महिला की जान