'पापा के डिजिटल लॉक ने खोला बेटी का राज'... प्रेमी को अमीर बनाने घर में ही डलवाई थी डकैती, 9 पर चार्जशीट
प्रेमी को अमीर बनाने के लिए अपने ही घर में डकैती डलवाने वाली अरीबा और उसके प्रेमी समेत नौ आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट दाखिल की है। अरीबा ने पि ...और पढ़ें

बंगला गांव में डकैती के आरोपित अरीबा और अरशद।जागरण आर्काइव
HighLights
400 पन्नों की चार्जशीट में अरीबा के स्वजन समेत 45 को बनाया गवाह
दो कार, सभी आरोपितों पर मिले थे तमंचे, 99.70 लाख हुए थे बरामद
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शादी करने से पहले पिता की दौलत से प्रेमी अरशद को रईस बनाने के लिए अपने ही घर में डकैती डलवाने वाली अरीबा, उसके प्रेमी समेत नौ आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को चार्जशीट दाखिल कर दी है। पुलिस ने अपनी चार्जशीट में अरीबा और उसके प्रेमी को मुख्य आरोपित बनाया है। अरीबा के पिता, भाई, बहन, मां समेत 45 लोगों को गवाह बनाया है।
विवेचक ने तीन स्थानों से ली गई सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की सीडी भी चार्जशीट में शामिल है। जिसमें आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद भागते हुए दिख रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने 99.70 लाख रुपये आरोपितों से बरामद किए थे। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त नौ तमंचे, दो कार और डीवीआर भी बरामद की थी।
दस मई की रात बंगला गांव स्थित अकबर कंपाउंड निवासी कारोबारी मोहम्मद इमरान के घर बदमाशों ने डकैती की घटना को अंजाम दिया था। बदमाश घर से एक करोड़ 20 लाख रुपये की नकदी, छह तोला सोना ले गए थे।
इस चर्चित डकैती में पुलिस ने तीन दिन बाद 13 मई को कारोबारी की बेटी अरीबा, उसके प्रेमी अमरोहा के नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव मकदूमपुर निवासी अरशद वारसी, मझोला के मनोहरपुर निवासी कुलदीप, रवि और निक्की समेत पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया था। राजफाश भी चौंकाने वाला निकला।
खबरें और भी
कारोबारी की बेटी अरीबा ने ही अंदर से मकान का डिजिटल लाॅक खोल कर प्रेमी अरशद और उसके साथियों को घर के भीतर बुलाकर वारदात करवाई थी। 17 मई को पुलिस ने अमरोहा जिले के गजरौला के पपसरा खादर निवासी नदीम, तिगरिया भूड़ निवासी सतेंद्र उर्फ बिट्टू और आदित्य को गिरफ्तार किया था।
डकैती में शामिल अमरोहा के नौनेर गांव निवासी रोहित और बछरायूं क्षेत्र के फिरोजपुर निवासी अंकित भी शामिल थे लेकिन दोनों ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। 12 जून को पुलिस ने दोनों को रिमांड पर लेकर उनसे पूछताछ की और पाकबड़ा के पास एक खंडहर में छिपाकर रखे 29.40 लाख रुपये बरामद किए थे।
सभी नौ आरोपित जेल में हैं। विवेचक ने मोबाइल काल डिटेल, अन्य साक्ष्यों और बयानों से सामने आया है कि कारोबारी की बेटी और उसके प्रेमी अरशद के बीच आठ साल पुराने संबंध थे। अरीबा उससे शादी करना चाहती थी लेकिन प्रेमी की गरीबी आड़े आ रही थी।
इसलिए अरीबा ने ही प्रेमी की गरीबी दूर करने के लिए अपने घर में डकैती डलवाने की साजिश रची थी। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि विवेचक ने चार्जशीट बुधवार को सीओ कार्यालय भेज दी है। गुरुवार को कोर्ट में पहुंच जाएगी।
घटना के बाद ही हो गया था स्पष्ट, घटना में घर का भेदिया
डकैती की वारदात ने पुलिस को भी बेचैन कर दिया था। जिस कोठी के हर दरवाजे पर डिजिटल लाक लगा हो वहां वारदात कैसे हो सकती है। घटना की रात पुलिस को जो जानकारी मिली उसके मुताबिक बदमाश डिजिटल लाक खोलकर घर में घुसे थे।
पुलिस ने भी इस वारदात को चुनौती के रूप में लिया और राजफाश के लिए साक्ष्य तलाशने शुरू किए। पहला बिंदु यही रहा कि आखिर डिजिटल लाक खुला तो खुला कैसे। इसका मतलब घर में ही कोई भेदिया है।
पुलिस ने सभी के मोबाइल कब्जे में लेकर जांच करना शुरू किया। जब मजबूत साक्ष्य इकट्ठा हो गए। इसी बीच अरीबा का नाम सामने आ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गई।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद अग्निकांड: 3 परिवार बेघर, अफसर रिश्तेदार पर बचाने का आरोप; 8 बिंदुओं पर नोटिस से मचा हड़कंप