Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सावधान! नौचंदी एक्सप्रेस में चाय पिलाकर लूटने वाला गैंग गिरफ्तार, मास्टरमाइंड पर दर्ज हैं 20 से ज्यादा केस

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 10:31 PM (IST)

    मुरादाबाद में जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेनों में यात्रियों को नशीली गोली खिलाकर लूटने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने 11 जुलाई ...और पढ़ें

    जीआरपी की गिरफ्त में नौचंदी एक्सप्रेस में जहरखुरानी की घटना के आरोपित। सौ.जीआरपी

    जीआरपी की गिरफ्त में नौचंदी एक्सप्रेस में जहरखुरानी की घटना के आरोपित। सौ.जीआरपी

    HighLights

    1. 11 जुलाई को प्रतापगढ़ के यात्री को बनाया था शिकार, 50 हजार रुपये और दो फोन किए थे चोरी

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। ट्रेनों में यात्रियों से दोस्ती कर उन्हें बातों में फंसाने और खाने-पीने की चीजों में नशीली गोलियां मिलाकर बेहोश करने वाले जहरखुरानी गिरोह के तीन सदस्यों को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। गिरोह ने 11 जुलाई को प्रतापगढ़ निवासी धर्मपाल यादव को नौचंदी एक्सप्रेस में अपना शिकार बनाया था।

    आरोपितों ने पहले उनसे मेलजोल बढ़ाया और हापुड़ में चाय मंगवाकर उसमें दो नशीली गोलियां डाल दीं। धर्मपाल के बेहोश होने पर आरोपित उनका बैग लेकर बरेली में उतर गए। बैग में करीब 50 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, कपड़े और जरूरी कागजात थे।

    पुलिस ने शनिवार को मुरादाबाद प्लेटफार्म दो पर चेकिंग के दौरान बदायूं निवासी जमील अहमद, शाहजहांपुर निवासी विशाल सक्सेना उर्फ लालू और पंचू सक्सेना को गिरफ्तार किया। तलाशी में जमील के पास से 105, विशाल से 95 और पंचू के पास से 84 नशीली गोलियां मिलीं। इसके अलावा 25 हजार रुपये और चोरी का मोबाइल बरामद हुआ। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

    11 जुलाई को धर्मपाल यादव मेरठ सिटी से कुंडा हरनामगंज जाने के लिए नौचंदी एक्सप्रेस के सामान्य कोच में सवार हुए थे। रास्ते में तीनों आरोपितों ने उनसे बातचीत शुरू कर दी। हापुड़ स्टेशन पर धर्मपाल ने प्लेटफार्म पर चाय बेचने वाले से चाय मंगाई। खिड़की के पास बैठे गिरोह के एक सदस्य ने चाय का कप पकड़ लिया और साथी ने उसे धर्मपाल तक पहुंचाया।

    खबरें और भी

    इसी दौरान चुपके से चाय में नशीली गोलियां डाल दीं। मुरादाबाद पहुंचते-पहुंचते धर्मपाल बेहोश हो गए। यात्रियों ने उन्हें सोता हुआ समझा। आरोपित उनका बैग लेकर बरेली में उतर गए। ट्रेन प्रयागराज पहुंचने के बाद जब सफाईकर्मियों ने यात्री को उठाने का प्रयास किया तो वह नहीं उठे।

    उन्हें ट्रेन से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर उन्होंने घटना की जानकारी दी। प्रयागराज में मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला मुरादाबाद जीआरपी को स्थानांतरित किया गया। एसपी रेल आशुतोष शुक्ल ने जीआरपी थाना प्रभारी रविंद्र वशिष्ठ के नेतृत्व में टीम गठित की थी।

    जमील है गिरोह का मास्टरमाइंड, तीनों पर कई मुकदमे

    एसपी रेल आशुतोष शुक्ल ने बताया कि जमील अहमद, विशाल सक्सेना और पंचू सक्सेना तीनों मिलकर जहरखुरानी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इनके खिलाफ पंजाब समेत अन्य स्थानों पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। जमील इस गिरोह का मास्टरमाइंड है।

    उसके खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, सहारनपुर समेत अलग-अलग शहरों के जीआरपी थानों में करीब 20 मुकदमे दर्ज हैं। पंजाब में जहरखुरानी की एक घटना में उसे आठ साल की सजा भी हो चुकी है। विशाल और पंचू के खिलाफ भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों शातिर अपराधी हैं और लंबे समय से ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाते रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद-बरेली सफर करने वालों की मौज! 122 KM का हाईवे होगा 6-लेन, बनेंगे नए फ्लाईओवर, बचेंगे 30 मिनट