School Closed: नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों की आज छुट्टी, मुरादाबाद में डीएम का आदेश जारी
मुरादाबाद में सावन के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में भीड़ के कारण 3 अगस्त 2026 को सभी स्कूल बंद रहेंगे। जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसि ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
मुरादाबाद में सावन के पहले सोमवार को स्कूल बंद रहेंगे
3 अगस्त 2026 को नर्सरी से 12वीं तक अवकाश घोषित
यातायात, श्रद्धालु सुविधा, छात्र सुरक्षा हेतु निर्णय लिया गया
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। श्रावण मास के पहले सोमवार को कांवड़ यात्रा और शिव मंदिरों में भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी डा. राजेन्द्र पैंसिया ने तीन अगस्त 2026 को जिले के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया है। आदेश के अनुसार, नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुविधा और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है।
कड़ाई से होगा पालन
सभी विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित नहीं होंगी, और अगले कार्य दिवस से नियमित कक्षाएं शुरू होंगी।
पहले सोमवार पर नगर निगम ने कांवड़ियों पर बरसाए पुष्प
नगर निगम ने कांठ रोड और दिल्ली रोड पर कई स्थानों पर सेवा शिविर लगाए हैं। शिविरों में मटकों के माध्यम से शीतल पेयजल की व्यवस्था की गई है, ताकि कांवड़ियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। इन शिविरों पर नगर निगम के कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।
यह भी पढ़ें- UP Weather: लखनऊ सहित यूपी के 45 जिलों में आज झमाझम बारिश, तराई में बिजली गिरने का अलर्ट
कई जगह लगे हैं शिविर
कोठीवाल डेंटल कॉलेज के बाहर बनाए गए कांवड़िया सेवा शिविर में श्रद्धालुओं के ठहरने, विश्राम और फलाहार की व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार दिल्ली रोड पर भी विभिन्न स्थानों पर सेवा शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां कांवड़ियों को पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए नगर निगम ने ऑपरेशन जटायु के तहत निगरानी वाहन भी सड़कों पर उतारे हैं। इन वाहनों के माध्यम से इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) में यात्रा की लाइव निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- यूपी में 5 से 18 अगस्त तक मिलेगा मुफ्त राशन: अंत्योदय कार्डधारकों को 35 KG, पात्र गृहस्थी को 5 किलो/यूनिट
तत्काल मदद के लिए पहुंच सकेंगे वाहन
किसी भी प्रकार की आपात स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंच सकें, इसके लिए आइसीसीसी में पुलिस विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बताया कि पूरे सावन माह में कांवड़ियों की सेवा के लिए नगर निगम की ओर से इसी प्रकार की व्यवस्थाएं जारी रहेंगी।