Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    UP ITI Admission 2026: खत्म हुआ इंतजार! जुलाई के इस हफ्ते से शुरू होंगे एडमिशन, हाईस्कूल मेरिट पर होगा चयन

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 08:58 PM (IST)

    मुरादाबाद में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन जुलाई के दूसरे सप्ताह से शुरू होंगे। इस वर्ष हाईस्कूल की मेरिट के आ ...और पढ़ें

    आईटीआई मुरादाबाद

    आईटीआई मुरादाबाद

    जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रवेश का इंतजार कर रहे जिले के हजारों युवाओं के लिए राहत की खबर है। मई-जून में शुरू होने वाली प्रवेश प्रक्रिया इस बार नियमों में बदलाव के कारण टल गई थी। लेकिन अब जुलाई के दूसरे सप्ताह से आनलाइन आवेदन शुरू होने की तैयारी है। जिले की करीब 4300 सीटों पर प्रवेश हाईस्कूल में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर होगा।

    जिले में वर्तमान में पांच राजकीय और 19 निजी आइटीआइ संचालित हैं। इनमें राजकीय संस्थानों में लगभग 1500 और निजी संस्थानों में करीब 2800 सीटें हैं। प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही जिले के हजारों अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा। इस वर्ष केंद्र सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमिता महानिदेशालय (डीजीटी) की नई व्यवस्थाओं के कारण प्रवेश प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं हो सकी।

    संस्थानों में ट्रेडवार अनुदेशकों का विवरण पोर्टल पर अपलोड करने और तीसरी शिफ्ट बंद करने जैसे प्रावधानों के चलते प्रक्रिया प्रभावित हुई। अब पुराने नियमों में आवश्यक संशोधन कर प्रवेश शुरू करने की तैयारी की जा रही है। जिले के छात्र-छात्राएं कई सप्ताह से आवेदन तिथि घोषित होने का इंतजार कर रहे थे।

    निजी आइटीआइ संचालकों का कहना है कि प्रवेश में अधिक देरी होने से सीटें भरने में दिक्कत आती है और कई विद्यार्थी दूसरे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों का रुख कर लेते हैं। विभाग ने इस बार यह व्यवस्था भी की है कि निर्धारित समय के बाद यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा अवसर देकर सीटें भरी जाएंगी, ताकि किसी भी संस्थान की सीटें खाली न रहें।

    खबरें और भी

    सीटें खाली नहीं छोड़ने की तैयारी

    इस बार प्रशिक्षण विभाग ने सीटें खाली न रहने देने के लिए नई व्यवस्था भी बनाई है। यदि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी संस्थान में सीटें रिक्त रहती हैं तो अन्य पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा मौका देकर उन सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इससे सरकारी और निजी दोनों संस्थानों में सीटों का बेहतर उपयोग हो सकेगा।

     

    प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। शासन से अनुमति मिलते ही जुलाई के दूसरे सप्ताह से आनलाइन आवेदन शुरू कर दिए जाएंगे। इस बार भी प्रवेश हाईस्कूल की मेरिट के आधार पर होगा।

    - संजीव जैन, प्राचार्य आईटीआई, मुरादाबाद।


    यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में गरजे सीएम योगी: 'अब नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा... सपा-कांग्रेस की बाबरी सोच को जनता ने नकारा'