मुजफ्फरनगर में जीवनभर साथ रहने की जिद पर अड़ी दो युवतियां, लोकलाज का हवाला देने पर मानीं
मुजफ्फरनगर के खतौली में दो युवतियों के प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया, जो जीवनभर साथ रहने की जिद पर अड़ी थीं। परिजनों और रिश्तेदारों द्वारा लोकलाज का ...और पढ़ें
-1779818223796_m.webp)
जीवनभर साथ रहने की जिद पर अड़ीं दो युवतियां मुश्किल से मानीं।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, खतौली। दो युवतियों के बीच प्रेम प्रसंग और जीवन भर साथ रहने की जिद का मामला सामने आया है। युवतियों ने एक-दूसरे से अलग किए जाने पर हंगामा किया। दोनों युवतियां एसएसपी के समक्ष पेश हुईं। वहां से दोनों को थाने भेज दिया गया।
स्वजन और रिश्तेदार ने उन्हें दिनभर खूब समझाया, लेकिन उन्होंने उनकी बात मानने से मना कर दिया। लोकलाज का हवाला दिए जाने पर दोनों ने अलग होने का निर्णय लिया।
मामला क्षेत्र के दो पड़ोसी गांवों का है। एक ही बिरादरी की युवतियों की एक शादी में मुलाकात हुई। इसके बाद फोन पर बातचीत शुरू हुई तो दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं। उनका एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। इस बीच उनमें प्रेम हो गया।
दोनों ने जीवन भर पति-पत्नी की तरह साथ रहने की ठान ली। स्वजन को इसकी भनक लगी तो उन्होंने रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने उनकी बात मानने से स्पष्ट मना कर दिया। सोमवार रात युवतियां थाने पहुंचीं।
स्वजन, रिश्तेदार और ग्रामीण भी पहुंच गए और समझाने का प्रयास किया। युवतियों ने उन्हें अलग किए जाने पर हंगामा किया। पुलिस ने समझा बुझाकर शांत किया। एक युवती की मां सदमे के कारण बेहोश होकर गिर गई।
मंगलवार को दोनों युवतियां एसएसपी के समझ पेश हुईं। यहां युवतियों ने कहा दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से साथ रहना चाहती हैं। इस पर दोनों को थाने भेज दिया गया। स्वजन दिनभर उन्हें मनाने में लगे रहे, लेकिन दोनों ने उनकी कोई बात नहीं मानी और आंखों से आंसू टपकाती रहीं।
स्वजन व रिश्तेदारों ने समाज में उनकी मर्यादा को ठेस पहुंचने की बात कही तो दोनाें अलग-अलग होने पर सहमत हो गईं। बताया कि दोनों का करीब तीन साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दाेनों युवतियां शिक्षित हैं।
वहीं, इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र बघेल ने बताया कि युवतियों ने साथ रहने की जिद छोड़ दी है। दोनों ने स्वजन की बात मान ली। उन्हें स्वजन के सिपुर्द कर दिया गया।
यह भी पढ़ें- बिजनौर में महिला डॉक्टर को ब्लैकमेल करने के मामले में भाजपा जिला मंत्री पर मुकदमा, शारीरिक शोषण का भी आरोप
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर में दोषी महिला उसके दो पुत्र और दामाद को उम्रकैद की सजा, ठेला लगाने वाले की गोली मारकर की थी हत्या