यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 08, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP flood: मेरठ-पौड़ी हाईवे जलमग्न, बिजनौर व मुजफ्फरनगर का संपर्क टूटा, पुलिस ने बैराज पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका
Muzaffarnagar News बाढ़ के हालात में मेरठ-पौड़ी राजमार्ग जलमग्न हो गया है जिससे बिजनौर और मुजफ्फरनगर का संपर्क टूट गया है। पुलिस प्रशासन ने दोनों जिल ...और पढ़ें

HighLights
- रामराज खादर में तटबंध टूटने से हजारों बीघा फसल हुई जलमग्न
- पुलिस ने बैराज पर बैरियर लगाकर आवागमन रोका, यात्री परेशान
संवाद सूत्र, जागरण, रामराज (मुजफ्फरनगर)। गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा में आए उफान के कारण मेरठ-पौडी राजमार्ग जलमग्न हो गया है, जिससे बिजनौर और मुजफ्फरनगर का संपर्क टूट गया है। पुलिस ने दोनों जिलों की सीमा पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। इसके अलावा, गंगा पार मुजफ्फरनगर जिले के कई गांवों में भी बाढ़ का पानी घुस गया है। हरिद्वार से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण गुरुवार की सुबह गंगा का जलस्तर मध्य गंगा बैराज पर 220.60 मीटर तक पहुंच गया, जो खतरे के निशान से ऊपर है।
बैराज से गंगा में 2.68 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। सुबह छह बजे हरिद्वार से 2.27 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। बुधवार को बैराज पर गंगा का जलस्तर अधिकतम 3.62 लाख क्यूसेक तक पहुंच गया था। पानी में आई सील्ट के बावजूद गंगा का जलस्तर पूरे क्षेत्र में फैलकर बह रहा है। जीवनपुरी और रामपुर ठकरा में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है, जिससे ग्रामीणों को रहने, खाने-पीने और पशुओं के लिए चारे की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
राजमार्ग पर संपर्क टूटने के बाद पुलिस ने बैराज पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोक दिया है। इसके बावजूद हजारों लोग अपनी मंजिल पर पहुंचने के लिए बसों से उतरकर कई किलोमीटर पैदल चलकर बैराज तक पहुंचते रहे, लेकिन आवागमन पूरी तरह से बंद होने के कारण उन्हें घंटों तक प्रतीक्षा करनी पड़ी और अंततः वापस लौटना पड़ा।
खेडा मुजाहिदपुर में तटबंध टूट गया
गुरुवार की सुबह बैराज से गांव शाहपुर तक कई गांवों के सामने बने तटबंध के ऊपर से पानी उतरने लगा, जिसके बाद ग्रामीणों ने मिट्टी और लकड़ी डालकर तटबंध की मरम्मत की। इसके बावजूद रामराज खादर क्षेत्र के खेडा मुजाहिदपुर में तटबंध टूट गया और बाढ़ का पानी आसपास के जंगल में हजारों बीघा फसल को जलमग्न कर दिया। ग्रामीणों ने लेखपाल और एसडीएम जानसठ को सूचना दी।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- UP Flood: यूपी के इस जिले में टूटा तटबंध, लोगों की बढ़ी परेशानी, ट्रैक्टर में बैठ निरीक्षण को पहुंचे DM, देखें फोटो
मीडिया को कवरेज करने से रोका गया
रामराज के मध्य गंगा बैराज पर जलस्तर बढ़ने के बाद जानसठ तहसील के गांव जीवनपुरी और रामपुर ठकरा में कवरेज करने जा रहे मीडिया कर्मियों को पुलिस ने बैराज पर ही रोक दिया। मीरापुर में पुलिस ने मोंटी तिराहे पर बैरियर लगाकर वाहनों को रोका। राजमार्ग पर आवागमन बंद होने के कारण प्रतिदिन सफर करने वाले सैकड़ों लोग परेशान दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- UP Flood : मेरठ-पौड़ी हाईवे पर आया मालन नदी का पानी, यातायात रोका, 100 मीटर तक बहा तटबंध
पुलिस ने अभद्रता
राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन बंद होने के बाद लोग अपने बच्चों के साथ पैदल ही मंजिल की ओर जा रहे थे। जब लोग बिजनौर जिले की पुलिस चौकी पर पहुंचे, तो वहां तैनात एक दारोगा ने लोगों के साथ अभद्रता की। आरोप है कि जब लोगों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया, तो दारोगा ने लाठी भी फटकार दी। इस पर लोगों ने पुलिस का विरोध किया। गंगा खादर क्षेत्र में किसानों ने बड़ी मात्रा में धान की फसल उगाई है। खेडा मुजाहिदपुर के जंगल में गंगा का तटबंध टूटने के बाद किसानों ने खेतों में खड़ी फसल को बचाने के लिए कंबाइन मशीन से कटाई शुरू कर दी। खादर क्षेत्र से दूसरे राज्यों में भी धान का निर्यात होता है।