Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नोएडा: छापामारी में करोड़ों की दवाओं का जखीरा बरामद, अफ्रीकी नागरिकों को बेचे जा रहे थे दरभंगा से लाए इंजेक्शन

    Updated: Thu, 23 Jul 2026 07:48 AM (IST)

    नोएडा में क्राइम ब्रांच और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 2.48 करोड़ रुपये की अवैध दवाएं बरामद हुईं, जिनमें दरभंगा से लाए गए एंटी स्नेक वेनम इंजेक ...और पढ़ें

    नोएडा के सेक्टर 76 के आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में छापामारी के दौरान कार्रवाई करती हुई टीमें। फाइल फोटो सौ. विभाग

    नोएडा के सेक्टर 76 के आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में छापामारी के दौरान कार्रवाई करती हुई टीमें। फाइल फोटो सौ. विभाग

    HighLights

    1. नोएडा में 2.48 करोड़ की अवैध दवाएं बरामद, 13 गिरफ्तार।

    2. दरभंगा से एंटी स्नेक वेनम, हैदराबाद से कैंसर दवाएं मिलीं।

    3. अफ्रीकी नागरिकों को नशे के लिए बेचे जा रहे थे इंजेक्शन।

    आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। क्राइम ब्रांच दिल्ली, केंद्रीय औषधि और मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) नार्थ जोन व जिला औषधि विभाग गौतमबुद्ध नगर की संयुक्त टीम की हुई कार्रवाई में नोएडा के सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी में बरामद हुई 2.48 करोड़ रुपये की दवाओं का जखीरा हैदराबाद और दरभंगा से जमा किया गया था।

    छापामारी के दौरान कैंसर रोधी दवाओं के साथ ही एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन के अलावा कई आयात हुईं दवाएं बरामद की गई थीं। छापामारी में बरामद हुए एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन यहां से अफ्रीकी नागरिकों को सप्लाई हो रहे थे। साथ ही गिरफ्तार युवक के पास से रायपुर में मेडिकल के होलसेल और रिटेलर का पंजीकृत लाइसेंस भी बरामद हुआ है, जो वर्ष 2022 से 2027 तक मान्य है। अब टीम इस पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगी हुई है।

    कीमत लगभग 2.48 करोड़ रुपये

    हाल ही में दिल्ली में दर्ज हुए एक मामले में जिला औषधि विभाग गौतमबुद्ध नगर ने क्राइम ब्रांच दिल्ली, सीडीएससीओ नार्थ जोन के साथ मिलकर नोएडा के सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली सोसायटी के फ्लैट नंबर 402 में छापेमारी की कार्रवाई की थी। यहां से टीम ने कैंसर रोधी दवाएं, एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन के अलावा कई अन्य आयात हुईं दवाओं को बरामद किया था, जिनकी कीमत लगभग 2.48 करोड़ रुपये है।

    इस कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार हुए आरोपित आनंद कुमार के पास से रायपुर में 2022 से 2027 तक के लिए मेडिकल का होलसेल और रिटेलर का लाइसेंस भी बरामद किया गया।

    दरभंगा से कर रहा था इंजेक्शन की खरीदारी 

    पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवक ने बताया कि वह पहले रायपुर में दवाओं का काम करता था, लेकिन उसके साथी के साथ विवाद होने के कारण करीब एक वर्ष पहले दवाओं को लेकर नोएडा आ गया था। तब से वह दवाओं को सप्लाई करने का काम नोएडा से ही कर रहा था। वह कैंसर रोधी दवाओं की खरीदारी हैदराबाद से करता था और एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन की खरीदारी दरभंगा से कर रहा था।

    खबरें और भी

    बता दें कि 20-21 जुलाई की मध्यरात क्राइम ब्रांच दिल्ली, सीडीएससीओ उत्तर जोन और जिला औषधि विभाग गौतमबुद्ध नगर की टीम ने छापामारी की कार्रवाई की थी। संयुक्त टीम में सीडीएससीओ उत्तर जोन गाजियाबाद के अरुण कुमार मट्टापल्ली, विनोद कुमार, अपराध शाखा, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली के उप निरीक्षक गुलाब सिंह, एचसी करमबीर और औषधि निरीक्षक जय सिंह शामिल रहे।

    वहीं, मौके से गोलियां, कैप्सूल, इंजेक्शन, टीके, मानव एल्ब्यूमिन, इम्युनोग्लोबुलिन, रेबीज वैक्सीन, सर्पदंश एंटीसीरम आईपी सहित अन्य उच्च मूल्य के जैविक औषधि उत्पाद बरामद किए गए। जांच के दौरान कई औषधियों पर सरकारी आपूर्ति बिक्री के लिए नहीं अंकित पाया गया, जिससे उनके अनधिकृत कब्जे एवं संभावित दुरुपयोग की आशंका व्यक्त की गई। जिन औषधियों का भंडारण दो से आठ डिग्री सेल्सियस तापमान पर किया जाना आवश्यक था, उन्हें सामान्य कमरे के तापमान पर रखा गया पाया गया।

    नशे के लिए हो रही थी एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन की सप्लाई

    छापामारी में नोएडा से गिरफ्तार युवक एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन नोएडा-ग्रेटर नोएडा, दिल्ली समेत आसपास रह रहे अफ्रीकी नागरिकों को गिरोह के माध्यम से सप्लाई कर रहा था।

    सूत्रों ने बताया कि अफ्रीकी नागरिक अक्सर इस इंजेक्शन का उपयोग नशे के लिए करते हैं। यह इंजेक्शन मेडिकल स्टोर या अस्पतालों में सामान्य तौर पर नहीं मिलते हैं। आरोपित अफ्रीकी नागरिकों को महंगे दामों में इंजेक्शन सप्लाई कर रहा था। सूत्रों ने बताया कि इंजेक्शन की सप्लाई कई अस्पतालों में भी हो रही थी। हालांकि अभी टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

    13 लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

    जिला औषधि निरीक्षक गौतमबुद्ध नगर जय सिंह ने बताया कि अभी तक मामले में कुल 13 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। नोएडा में 20-21 जुलाई की देर रात आनंद कुमार की गिरफ्तारी किए जाने से पहले नौ लोगों की गिरफ्तारी की गई थी।

    यह भी पढ़ें- शादी का दबाव बना रही थी नर्स, प्रेमी ओटी टेक्नीशियन ने ड्रिप में जहरीला इंजेक्शन देकर मार डाला... यूं हुआ राजफाश

    इसके बाद गिरफ्तार किए गए युवक के बताए गए पते हैदराबाद से तीन लोगों की गिरफ्तारी की गई है। टीमें एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन को बेचने वाले लोगों की तलाश के लिए दरभंगा गई हुई हैं।