जाम से मिलेगी राहत! तिलपता से दादरी तक बनेगा एलिवेटेड रोड, बोर्ड बैठक में डबल डेकर फ्लाईओवर का भी प्रस्ताव
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में किसानों के मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी को मंजूरी मिल सकती है।

HighLights
किसानों के मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी को मिलेगी मंजूरी।
तिलपता-दादरी एलिवेटेड रोड से जाम की समस्या होगी कम।
शहर में ट्रैफिक दबाव घटाने डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की बोर्ड बैठक गुरुवार को आयोजित होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सभागार में होने वाली इस बैठक में किसानों के मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।
इसके साथ ही शहर के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर भी मुहर लगने की उम्मीद है। बैठक के एजेंडे में सबसे प्रमुख प्रस्ताव तिलपता गोलचक्कर से दादरी कंटेनर डिपो तक एलिवेटेड रोड बनाने का है।
इस रोड के बनने से सूरजपुर, दादरी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और कंटेनर डिपो तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही आसान होगी।
डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी बोर्ड में रखा जाएगा
इसके अलावा शहर में ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए डबल डेकर फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा जाएगा। इस फ्लाईओवर से एक ही स्ट्रक्चर में दो लेवल पर यातायात संचालित हो सकेगा, जिससे व्यस्त चौराहों पर जाम की स्थिति में सुधार होगा।
बैठक में किसानों को मिलने वाले मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी को भी अनुमोदन के लिए रखा जाएगा। इस प्रस्ताव के अनुमोदन के बाद नए अधिग्रहण में किसानों को अधिक लाभ मिलेगा और आबादी भूखंडों से जुड़े विवाद भी कम होंगे।
इसके साथ ही प्राधिकरण की अन्य विकास परियोजनाओं, बजट और नई आवासीय योजनाओं पर भी चर्चा होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- नोएडा बोर्ड बैठक के फैसले: 799 फ्लैट्स की रजिस्ट्री न होने की होगी जांच, एसटीपी एवं सिटी लॉजिस्टिक प्लान किए मंजूर
यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में सपनों का घर बनाने के लिए जेब करनी होगी ढीली, कीमतों में हुई 3.58% तक बढ़ोतरी
