450 परिवारों में लौटी खुशियां, लेकिन दो घरों के बुझ गए चिराग, दो दमकलकर्मियों की वीरता को सलाम
ग्रेटर नोएडा की आइएलजिन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में आग लगने से 450 कर्मचारी सुरक्षित निकाले गए, लेकिन दो दमकलकर्मी रोहित यादव और तीर्थपाल सिंह बचाव कार्य ...और पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में आग बुझाते समय मलबे में दबने से दो फायर कर्मियों की मौत। फोटो: जागरण
HighLights
ग्रेटर नोएडा की कंपनी में भीषण आग लगी।
दो दमकलकर्मी 450 लोगों को बचाते शहीद।
औद्योगिक संगठन ने परिवारों को मदद का आश्वासन दिया।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। कर्तव्य सबसे ऊपर। इसी जज्बे के साथ ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित दक्षिण कोरियाई बहुराष्ट्रीय कंपनी आइएलजेआइएन इलेक्ट्रानिक्स में आग में फंसे करीब 450 कर्मचारियों को दमकल की टीम ने अपनी जान की परवाह किए बिना बाहर निकाला।
बचाव कार्य के दौरान दो दमकलकर्मी रोहित यादव और तीर्थपाल सिंह ने फैक्ट्री के कर्मियों की तो जान बचा ली, लेकिन लेकिन खुद नहीं लौट सके। घटना की भयावहता का अंदाजा फैक्ट्री के पास तिराहे पर कर्मचारियों के बिखरे टूटे जूते-चप्पल से लगाया जा सकता है।
आग बुझा रहे दोनों जांबाज मलबे में दबे
दरअसल, आग लगने के बाद धुएं और लपटों के बीच फैक्ट्री के अंदर सैकड़ों कर्मचारी फंसे थे। दमकलकर्मी रोहित और तीर्थपाल अपनी टीम के साथ सबसे पहले अंदर गए। दोनों दमकल की हौज पाइप से आग पर पानी की बौछार कर रहे थे।
इसी दौरान फैक्ट्री की दीवार व लोहे की बीम तेज धमाके साथ उनपर गिर गई। वाहन पर चढ़कर आग बुझाने का प्रयास में जुटे दोनों जांबाज मलबे में दब गए। साथी दमकलकर्मियों ने घंटों रेस्क्यू कर उन्हें निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल में डाॅक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
खबरें और भी
450 परिवारों को दे गए खुशी
इस हादसे ने पूरे फायर विभाग को झकझोर दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों के स्वजन को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। कंपनी को सील कर दिया गया है। फैक्ट्री में काम करने वाले करीब 450 परिवारों के चेहरे पर खुशी है क्योंकि उनके अपने सकुशल घर लौट आए, लेकिन दो घर ऐसे हैं जहां का चिराग इस घटना में बुझ गया। रोहित और तीर्थपाल ने वर्दी का फर्ज निभाया और जान की बाजी लगाकर दूसरों की जान बचाते-बचाते खुद को कर्तव्य के लिए न्यौछावर कर दिया।
औद्योगिक संगठन करेगा आर्थिक मदद
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों दमकलकर्मियों के प्रति औद्योगिक संगठन आइबीए ने दुख व्यक्त किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि दोनों जांबाजों के स्वजन को संगठन की ओर से रोजगार और आर्थिक मदद के अलावा हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।