ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण की होगी सटीक निगरानी, स्थापित होंगे 7 नए एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन
ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने सात नए वायु गुणवत्ता निगरानी स्टेशन स्थापित करने की मंजूरी दी है। ...और पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में कुल 27 नए स्टेशन जुड़ेंगे। इमेज एआई
HighLights
ग्रेटर नोएडा में सात नए वायु गुणवत्ता स्टेशन मंजूर।
ग्रेप लागू होने से पहले होंगे सभी क्रियाशील।
दिल्ली-एनसीआर में कुल 27 नए स्टेशन जुड़ेंगे।
रंजीत मिश्रा, ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने नेटवर्क विस्तार की समीक्षा के बाद ग्रेटर नोएडा में सात नए कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (सीएएक्यूएमएस) स्थापित करने की अनुमति दे दी है। इनके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ग्रेप लागू होने से पूर्व इन सभी स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा कर इन्हें क्रियाशील करने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
अभी सिर्फ दो स्टेशन, होगा बड़ा विस्तार
फिलहाल पूरे दिल्ली-एनसीआर में 84 सीएएक्यूएमएस संचालित हैं। इनमें ग्रेटर नोएडा में केवल दो स्टेशन हैं, जो बढ़ती आबादी और औद्योगिक गतिविधियों के लिहाज से नाकाफी माने जा रहे थे। नए प्रस्तावित सात स्टेशन डीएमआईसी, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, नवोदय विद्यालय दादरी, शिवनादर यूनिवर्सिटी दादरी, गौड़ यमुना सिटी दनकौर में लगेंगे। सातवें स्टेशन के लिए जमीन की तलाश जारी है।
इसके अलावा यमुना प्राधिकरण ने अपने कार्यालय परिसर के पास दो स्टेशन और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक स्टेशन पहले ही स्थापित कर दिया है। इनका सीएक्यूएम से जोड़ना अभी बाकी है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण प्रयासरत है। प्रदूषण नियंत्रण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक नवंबर से ग्रेप लागू होने से पहले सभी नए स्टेशनों का निर्माण पूरा कर उन्हें क्रियाशील कर दिया जाएगा, ताकि सर्दियों में प्रदूषण के स्तर की रीयल टाइम निगरानी बेहतर हो सके।
दिल्ली एनसीआर के शहरों में कुल 27 नए स्टेशन जुड़ेंगे
एनसीआर में 27 नए स्टेशन को ग्रेप लागू होने से पहले जोड़ने की तैयारी है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में 40, हरियाणा में 22, राजस्थान में 4 और उत्तर प्रदेश में 18 स्टेशन काम कर रहे हैं। इस नेटवर्क में अब 27 नए सीएएक्यूएमएस जोड़े जा रहे हैं, जिसमें दिल्ली में 6 स्टेशन लग चुके हैं, जबकि हरियाणा में 7, राजस्थान में 4 और उत्तर प्रदेश में 10 स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें ग्रेटर नोएडा के 7 स्टेशन शामिल हैं। -विकास मिश्रा, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी ग्रेटर नोएडा।