नोएडा एयरपोर्ट को NH-9 से जोड़ने की तैयारी तेज, हापुड़ समेत कई शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ाएगा 130 मीटर रोड
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एनएच-9 से जोड़ने के लिए 130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार किया जा रहा है, जो ग्रेटर नोएडा वेस्ट से शुरू होकर यीडा क्षेत्र में ...और पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी के लिए बनेगी 130 मीटर रोड। (AI Generated Image)
HighLights
नोएडा एयरपोर्ट को एनएच-9 से जोड़ेगी 130 मीटर सड़क।
यीडा क्षेत्र में 29 किमी लंबी होगी यह महत्वपूर्ण सड़क।
परियोजना से 20-22 यीडा सेक्टरों को मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एनएच नौ से जोड़ने के लिए प्रयास तेज हाे गए हैं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी से चौक से सिरसा तक बनी 130 मीटर रोड का यीडा क्षेत्र में विस्तार कर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ सेक्टरों को कनेक्टिविटी दी जाएगी।
यीडा क्षेत्र में यह सड़क तकरीबन 29 किमी होगी। इसके निर्माण पर दो हजार करोड़ के लगभग खर्च आने की संभावना है। यीडा ने सड़क निर्माण के लिए एनएचएआइ को पत्र लिखा है। इस सड़क से यमुना प्राधिकरण के 20-22 सेक्टर कनेक्ट हो जाएंगे।
15 जून से शुरू होंगी यात्री सेवाएं
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्री सेवाएं 15 जून से शुरू होने जा रही हैं। अभी एयरपोर्ट पहुंचने के लिए यमुना एक्सप्रेसवे का ही विकल्प है, भविष्य में एयरपोर्ट के साथ यीडा क्षेत्र में भी आबादी का दबाव बढ़ेगा। इसलिए प्राधिकरण ने मास्टर प्लान में शामिल 130 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण जल्द से जल्द करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
इस सड़क के जरिये नोएडा एयरपोर्ट एनएच नौ से सीधे जुड़ने के साथ यीडा के आवासीय, औद्योेगिक सेक्टरों की कनेक्टिविटी भी हो जाएगी। इसके साथ ही गंगा लिंक एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी भी 130 मीटर रोड से हो जाएगी। यीडा सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि सड़क के निर्माण के लिए एनएचएआइ को पत्र भेजा गया है। एनएचएआइ के साथ बैठक कर इस संबंध में जल्द फैसला किया जाएगा।
खबरें और भी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट से शुरू होती है 130 मीटर चौड़ी सड़क
130 मीटर सड़क ग्रेटर नोएडा वेस्ट में गौर सिटी चौक से शुरू होती है। ग्रेटर नोएडा की लाइफ लाइन कहे जाने वाली यह सड़क अभी सिरसा में समाप्त होती है। यीडा क्षेत्र में इसका विस्तार करने के लिए सिरसा से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तक तकरीबन सात से आठ किमी लंबी सड़क ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को बनानी होगी।
अलौदा जागीर गांव से यह सड़क यीडा क्षेत्र में प्रवेश करते हुए नोएडा एयरपोर्ट होकर प्रस्तावित खुर्जा पलवल एक्सप्रेसवे में जुड़ जाएगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एयरपोर्ट के मद्देनजर इस सड़क के किनारे बसवे का निर्माण कर रहा है। इससे बसों की आवाजाही भी सीधे एयरपोर्ट तक सुनिश्चित हो जाएगी।
यीडा क्षेत्र मेंं 29 किमी होगी लंबाई
यीडा क्षेत्र में 130 मीटर चौड़ी सड़क की लंबाई 29 किमी होगी, लेकिन ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र के बीच इस सड़क को जोड़ने में सबसे बड़ी बाधा ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे है। एक्सप्रेसवे के दूसरी ओर भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का अधिसूचित क्षेत्र है। इसलिए ग्रेटर नोएडा और यीडा क्षेत्र में 130 मीटर सड़क को आपस में जोड़ने के लिए ईपीई पर क्लोवर लीफ या अंडरपास का निर्माण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण करेगा। दोनों प्राधिकरण के बीच इसे लेकर पूर्व में बैठक भी हो चुकी हैं।
NHAI से सड़क निर्माण कराने की योजना
यीडा 130 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण व जमीन अधिग्रहण एनएचएआइ से कराना चाहता है। इससे यीडा पर जमीन व निर्माण के खर्च को बोझ समाप्त हो जाएगा। एनएचएआइ टोल शुल्क के जरिये लागत को वसूल सकेेगा। प्राधिकरण ने एनएचएआइ को इस संबंध में पत्र भेजा है। हालांकि अभी अंतिम रूप से निर्णय नहीं हुआ है। एनएचएआइ एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल के लिए आठ किमी लंबी सड़क के अलावा यमुना व ईपीई को जोड़ने के लिए इंटरचेंज का भी निर्माण कर रहा है।
मुरादाबाद, हापुड़ समेत कई शहर सीधे जुड़ेंगे
130 मीटर सड़क के निर्माण से मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़, गाजियाबाद एनएच नौ होकर, दिल्ली व नोएडा सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जड़ जाएगा। इससे यात्रियोंं के साथ साथ माल की ढुलाई भी आसान हो जाएगी।
यीडा क्षेत्र मेंं भी लाइफ लाइन बनेगी 130 मीटर रोड
यीडा क्षेत्र में भी 130 मीटर रोड शहर की लाइफ लाइन होगी। इस सड़क के दोनों और यीडा के आवासीय, संस्थागत, औद्योगिक, मल्टी परपज लैंड यूज आदि के सेक्टर नियोजित हैं। इसके साथ ही गंगा लिंक एक्सप्रेसवे भी इस सड़क से जुड़ जाएगा। यीडा शहर में आवाजाही आसान हो जाएगी।