विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में बनेगी सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड, मैजेंटा मेट्रो के ऊपर से गुजरेगी 6 लेन सड़क; IIT रुड़की ने सौंपी DPR

Published: Wed, 02 Sep 2026 10:32 PM (IST)

नोएडा प्राधिकरण को शहर की सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड की डीपीआर मिल गई है, जो लगभग 2 किमी लंबी और ...और पढ़ें

नोएडा की सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड का डीपीआर तैयार। फोटो: एआई जनरेटेड

नोएडा की सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड का डीपीआर तैयार। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. नोएडा की सबसे ऊंची 20 मीटर एलिवेटेड रोड की डीपीआर तैयार

  2. 2 किलोमीटर लंबी सड़क पर 350 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित

  3. जेवर एयरपोर्ट से दिल्ली तक यात्रा होगी तेज और सुगम

कुंदन तिवारी, जागरण, नोएडा। नोएडा में प्रस्तावित सबसे ऊंची एलिवेटेड रोड की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) आईआईटी रुड़की ने नोएडा प्राधिकरण को सौंप दी है।

करीब दो किलोमीटर लंबी और 20 मीटर ऊंची इस एलिवेटेड रोड के निर्माण पर लगभग 350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसे चिल्ला एलिवेटेड रोड के विस्तार के रूप में विकसित करने की योजना है।

प्रस्तावित सड़क नोएडा की मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी। इसके छह लेन का होने से भविष्य में यातायात के दबाव को संभालने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी एलिवेटेड रोड

डीपीआर के अनुसार, प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब दो किलोमीटर लंबी और 20 मीटर ऊंची होगी। सड़क मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से गुजरेगी और सेक्टर-94 के पास यमुना तटबंध पर उतरेगी।

आगे इसे जेवर स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर जाने वाली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। डीपीआर में चार बोल्ट बनाने का भी प्रस्ताव शामिल है।

नोएडा प्राधिकरण की टीम फिलहाल डीपीआर का अध्ययन कर रही है। इसमें बड़े बदलाव की संभावना कम बताई गई है।

एयरपोर्ट यात्रियों को मिलेगा सीधा और तेज रास्ता

महाप्रबंधक सिविल एसपी सिंह के अनुसार, इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ नोएडा एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को होगा। एयरपोर्ट की दिशा से आने वाले वाहन इस एलिवेटेड रोड के माध्यम से सीधे दिल्ली की ओर जा सकेंगे।

इससे दिल्ली और नोएडा से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले वाहनों को प्रमुख चौराहों और सिग्नलों से गुजरने की जरूरत कम होगी। ऐसे में एयरपोर्ट तक पहुंचने में समय की बचत होने की उम्मीद है।

नोएडा और नोएडा एयरपोर्ट के बीच सीधी कनेक्टिविटी

प्रस्तावित एलिवेटेड रोड को नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच तेज और निर्बाध सड़क संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण परियोजना माना जा रहा है। इसके जरिए यातायात का दबाव बेहतर तरीके से संभालने की योजना है।

एक नजर में परियोजना

  • लंबाई: करीब दो किलोमीटर
  • ऊंचाई: करीब 20 मीटर
  • अनुमानित लागत: करीब 350 करोड़ रुपये
  • लेन: छह
  • डीपीआर तैयार करने वाली संस्था: आइआइटी रुड़की
  • प्रस्तावित मार्ग: मैजेंटा मेट्रो लाइन के ऊपर से होकर सेक्टर-94 के पास यमुना तटबंध तक
  • आगे कनेक्टिविटी: जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर जाने वाली एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना

यह भी पढ़ें- दिल्ली से सिर्फ 21 मिनट में नोएडा एयरपोर्ट; हाई-स्पीड रेल, नमो भारत और पॉड टैक्सी से सबसे तेज कनेक्टिविटी

यह भी पढ़ें- नोएडा एयरपोर्ट से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी को झटका, हरियाणा के कारण 2027 तक टला लिंक एक्सप्रेसवे